Hanumangarh Road Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से कॉलेज का छात्र घायल, अस्पताल में भर्ती
नवरतन बच्चों के अस्पताल के पास हादसा, चालक फरार, पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जंक्शन में नवरतन बच्चों के अस्पताल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटर साइकिल सवार कॉलेज छात्र घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल छात्र का अस्पताल में उपचार चल रहा है। जंक्शन थाना पुलिस ने छात्र के पिता की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, गांव नुआं पीएस गोगामेड़ी तहसील भादरा निवासी देवीलाल (55) पुत्र बुधराम मेघवाल का बेटा विक्रम सिंह (23) एसकेडी कॉलेज में अध्ययनरत है और जंक्शन में चक ज्वालासिंह रोड पर अपने परिचित मनोज कुमार नैण के घर रह रहा है। 15 अक्टूबर की रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच विक्रम मोटर साइकिल नंबर आरजे 49 एसजे 2393 पर चक ज्वालासिंह रोड से रोडवेज डिपो की ओर जा रहा था।
नवरतन बच्चों के अस्पताल के पास अज्ञात वाहन के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विक्रम दूर जा गिरा और उसके सिर व छाती पर चोटें आईं। हादसे के बाद अस्पताल के कुछ कर्मचारियों और अन्य लोगों ने घायल को संभाला तथा प्राथमिक उपचार के लिए चावला नर्सिंग होम पहुंचाया। सूचना मिलने पर मनोज कुमार नैण भी अस्पताल पहुंचे।
चिकित्सक की सलाह पर विक्रम को टाउन स्थित बेनीवाल आर्थो अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। देवीलाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इनके फुटेज की जांच से अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सकता है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल अमरचंद को सौंपी है।