शिक्षा और रोजगार
"शहीदों का योगदान हमारे लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत": पुलिस आयुक्त
पुलिस स्मृति दिवस पर रिजर्व पुलिस लाइन्स में अमर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, पुलिस आयुक्त समेत तमाम अधिकारियों ने किया नमन
गाजियाबाद, सच कहूँ/रविंद्र सिंह। Ghaziabad News: सेवा, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान के प्रतीक 'पुलिस स्मृति दिवस' के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स, गाजियाबाद स्थित शहीद स्मारक स्थल पर देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिस आयुक्त, जे रविंद्र गौड़ सहित कमिश्नरेट के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पहुंचकर अमर शहीदों को नमन किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सलामी गार्द ने दी शस्त्र झुकाकर सलामी
कार्यक्रम के दौरान सलामी गार्द द्वारा शहीद स्मारक पर शोक शस्त्रों के साथ शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस गरिमामयी और भावुक क्षण में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस को याद किया।
इन गणमान्य अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
शहीद स्मृति समारोह में कमिश्नरेट गाजियाबाद और पीएसी के कई शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं,अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध) केशव कुमार चौधरी ,अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/यातायात) राजकरण नय्यर ,पुलिस उपायुक्त (नगर), पुलिस उपायुक्त (ट्रांस हिंडन), पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्रनाथ तिवारी,पुलिस उपायुक्त (यातायात) त्रिगुण बिसेन तथा पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) बलवंत चौधरी और सेनानायक, 47वीं वाहिनी पीएसी मौजूद रहे। तमाम पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-एक कर शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र और पुष्प अर्पित कर वीर जवानों को अपनी श्रद्धांजलि दी।
पुलिस आयुक्त का संदेश
इस अवसर पर गाजियाबाद पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड़ की ओर से संदेश दिया गया कि "सेवा, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान की भावना से ओतप्रोत हमारे शहीदों ने देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनका यह अतुलनीय योगदान और अमर शौर्य सदैव हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।"