मेले की तैयारियों का डीआरएम ने लिया जायजा,सुविधाओं में वृद्धि के निर्देश

श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी तरह की कमी नहीं हो : त्रिपाठी

Published On

जोधपुर (सच कहूँ न्यूज़)। रामदेव मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी व उत्तर पश्चिम रेलवे के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा ने गुरुवार को रामदेवरा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मेले के दौरान जातरुओं को स्टेशन पर आवागमन,यात्री सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों व उत्तर पश्चिम रेलवे के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा के साथ रामदेवरा पहुंचे डीआरएम ने स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर मौजूद श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत कर पानी,बिजली,बैठने की व्यवस्था,खानपान,सुरक्षा, टिकट की उपलब्धता,ट्रेनों में आवागमन के लिए जगह तथा चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया तथा बच्चों से बात की। यात्रियों ने सभी व्यवस्थाओं के प्रति संतुष्टि जताई।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पाया कि रेलवे की ओर से मेले को देखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट विंडो और अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था की गई है। यात्रियों के बैठने और विश्राम के लिए पर्याप्त बेंचें लगाई गई हैं। प्रतीक्षालय में पांच एचवीएलएस पंखे लगाए गए हैं। राज्य सरकार की ओर से नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा 24 घंटे एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्टेशन परिसर में करीब 40 शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है।

डीआरएम ने मेले की अवधि तक स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों को पूरी सावधानी से करने के निर्देश दिए,ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित न हो। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल को जातरुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने,सीसीटीवी कैमरा तंत्र को सुदृढ़ करने तथा स्टेशन परिसर की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम के साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर मनोहर सिंह,वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश कुमार,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (सिग्नल एवं दूरसंचार) अनुपम कुमार,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी,वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर महेंद्र कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर जोगेंद्र मीणा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

DRM-Check

About The Author

Related Posts