शिक्षा और रोजगार
मुठभेड़ में दो नकबजन घायल, गिरफ्तार
घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, नकदी-जेवर और दो तमंचे बरामद
गाजियाबाद (सच कहूँ /रविंद्र सिंह)। राजधानी दिल्ली से सटे पुलिस कमिशनरेट गाजियाबाद के थाना अंकुर विहार पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घरों में ताला तोड़कर नकदी और जेवर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। उनके कब्जे से चोरी के 4,700 रुपये, ज्वैलरी, दो अवैध तमंचे,315 बोर, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 7 सितंबर को सुंदर विहार, सहदुल्लाबाद में हुई चोरी की वारदात में शामिल आरोपी किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के बाद पुलिस ने रामलीला मैदान-गढ़ी कटैया मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पैशन प्रो बाइक से आ रहे दो संदिग्धों को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकिब पुत्र यामीन (29) निवासी मडौरा गांव, सोनीपत, हरियाणा, मूल निवासी लिसाड़ी गेट, मेरठ और ध्यान सिंह पुत्र जुगराज (30) निवासी मधूपुर, भरतना, मैनपुरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों ने 7 सितंबर की चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के पास से कटर समेत नकबजनी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी मिले हैं। पुलिस पूछताछ में दो अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जो फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।अंकुर विहार थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह पंवार के मुताबिक आकिब के खिलाफ अंकुर विहार थाने में नकबजनी और दिल्ली में लूट का मुकदमा दर्ज है। वहीं ध्यान सिंह के खिलाफ अंकुर विहार में नकबजनी, दिल्ली में हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट तथा मेरठ में पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज है। पुलिस दोनों का अन्य आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।