Baraut Murder: रुपयों के लेन-देन ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, पति पत्नी ने हथौड़े व चाकू से गोदकर की युवक की हत्या

बड़ौत की खत्री गढ़ी में दिनदहाड़े दिया वारदात क़ो अंजाम, राहगीरों ने आरोपी दंपति क़ो पकडकर किया पुलिस के हवाले

Published On

Baraut Murder: बड़ौत (डॉ संदीप दहिया)। नगर की खत्री गढ़ी में बुधवार सुबह रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में बिजली उपकरणों की रिपेयरिंग की दुकान पर काम करने वाले युवक की हत्या कर दी गई। आरोप है कि सामने चाय की दुकान चलाने वाले पति -पत्नी  ने 35 वर्षीय दीपेंद्र पुत्र मगन पर हथौड़े और चाकू से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से दीपेंद्र की हालत बिगड़ गई। आसपास के दुकानदार और लोग तत्काल मौके पर पहुंचे तथा उसे उपचार के लिए सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शिकोहपुर गांव निवासी दीपेंद्र बड़ौत की खत्री गढ़ी स्थित बिजली उपकरणों की रिपेयरिंग की दुकान पर नौकरी करता था।

बताया गया कि उसकी दुकान के सामने ही दंपति राहुल और सोनिया चाय की दुकान चलाते है। बुधवार सुबह किसी बात को लेकर दीपेंद्र और दंपति के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति-पत्नी ने दीपेंद्र पर हथौड़े से सिर पर वार कर दिया और चाकू से गोद दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दीपेंद्र को आसपास के लोग सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मृतक के भाई सतेन्द्र ने बड़ौत थाने मे प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि दीपेंद्र ने आरोपी दंपति को करीब दो लाख रुपये दे रखे थे। इसी रकम के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था और इसी विवाद के चलते दीपेंद्र की हत्या की गई। हालांकि पुलिस अभी आरोपों की जांच कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही दीपेंद्र के परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए पति-पत्नी से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts