2027 की तैयारी तेज! भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे उत्तराखंड के हल्द्वानी में युवाओं से संवाद

भाजपा ने कसी कमर, 597 प्रतिनिधियों के साथ भाजपा का मंथन

Published On

Uttarakhand Election 2027: देहरादून (सच कहूँ/एजेंसी)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्य के दौरे पर हैं। अपने प्रवास के दौरान वह युवाओं, पूर्व सैनिकों और सिख समुदाय के बीच पहुंचकर संवाद करेंगे।

नितिन नवीन गुरुवार को हल्द्वानी में सुबह करीब 10 बजे ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह जेन-जी सहित युवा वर्ग से बातचीत कर उनकी सोच, अपेक्षाओं और मुद्दों को समझने का प्रयास करेंगे। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे नैनीताल रोड स्थित वाटिका बैंक्वेट हॉल में आयोजित ‘पूर्व सैनिक सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद भाजपा अध्यक्ष रुद्रपुर पहुंचेंगे। यहां करीब 3 बजे वह ‘सिख गौरव सम्मेलन’ में शामिल होंगे। चुनाव से पहले समाज के विभिन्न वर्गों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने की रणनीति के तहत इन कार्यक्रमों को अहम माना जा रहा है।

597 प्रतिनिधियों की बैठक में संगठन पर मंथन

उत्तराखंड भाजपा की राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित राज्यभर से कुल 597 प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी है। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति और चुनावी तैयारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव जीतने के लक्ष्य के साथ अपनी तैयारियों को आगे बढ़ा रही है। पार्टी नेतृत्व संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं और विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच संवाद बढ़ाने पर भी जोर दे रहा है।

इससे पहले बुधवार को नितिन नवीन ने हल्द्वानी में विस्तारित राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक को संबोधित किया था। उन्होंने उत्तराखंड की देवभूमि को ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बताते हुए विकास तथा ‘राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई। अपने संबोधन में उन्होंने सड़क संपर्क को बेहतर बनाने, पूर्व सैनिकों के सम्मान एवं कल्याण, समान नागरिक संहिता, महिला सशक्तिकरण और गरीबों के कल्याण जैसे मुद्दों को भाजपा की प्राथमिकताओं से जोड़ा। नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली ‘राष्ट्र पहले, पार्टी उसके बाद और स्वयं सबसे आखिर में’ के सिद्धांत पर आधारित है। उनके अनुसार यही विचार पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और निर्णय प्रक्रिया को दिशा देता है।

About The Author

Related Posts