टिब्बी ने रचा इतिहास: पहले नगरपालिका चुनाव में 86.95% मतदान, अब 14 सितंबर को फैसला

टिब्बी में पहले नगरपालिका चुनाव में 86.95% मतदान, 14 सितंबर को आएगा फैसला

Published On

टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi Municipal Elections: राजस्थान निकाय चुनाव के प्रथम चरण के तहत बुधवार को टिब्बी नगरपालिका क्षेत्र में पहली बार नगर सरकार चुनने के लिए मतदान शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। नगरपालिका गठन के बाद हुए इस ऐतिहासिक चुनाव में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं और पूरे दिन मतदान केंद्रों पर उत्साह का माहौल बना रहा।

टिब्बी नगरपालिका क्षेत्र के 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिन स्थानों पर दो वार्डों के मतदाताओं की व्यवस्था की गई थी, वहां अलग-अलग दो बूथ स्थापित किए गए, जिससे मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हुई।

नगरपालिका क्षेत्र में कुल 10,357 मतदाता पंजीकृत थे। दिनभर मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ता गया। निर्वाचन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे तक 3,582 मतदाताओं ने मतदान किया, जो 34.59 प्रतिशत रहा। इसके बाद दोपहर 1 बजे तक 6,867 मतदाताओं ने मतदान किया और प्रतिशत 66.30 पहुंच गया। दोपहर 3 बजे तक 8,190 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो 79.08 प्रतिशत रहा। वहीं शाम 6 बजे तक 8,997 मतदाताओं ने मतदान किया और मतदान प्रतिशत 86.87 दर्ज किया गया।

अंतिम रिपोर्ट के अनुसार कुल 9,005 मतदाताओं ने मतदान किया, जो 86.95 प्रतिशत रहा। टिब्बी नगरपालिका के पहले चुनाव में इतनी बड़ी संख्या में मतदान होना लोकतंत्र के प्रति लोगों की जागरूकता और उत्साह को दर्शाता है।

हनुमानगढ़ जिले के नगर निकाय चुनाव में मतदान प्रतिशत के मामले में टिब्बी नगरपालिका क्षेत्र संगरिया के बाद दूसरे स्थान पर रहा, जो क्षेत्र के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।

अब मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो चुकी है। अब पूरे टिब्बी क्षेत्र की निगाहें 14 सितंबर को होने वाली मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं, जब यह स्पष्ट होगा कि टिब्बी नगरपालिका की पहली सरकार बनाने का जनादेश किसे मिला है।

Tibbi News
Tibbi News: टिब्बी में पहले नगरपालिका चुनाव में 86.95% मतदान, अब 14 सितंबर को फैसला

About The Author

Related Posts