Drug Smuggler Arrested: नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार दो युवक पकड़े, 20.42 ग्राम अफीम बरामद
पूछताछ में निनाण निवासी से 5 हजार रुपए में अफीम खरीदने की बात स्वीकारी
Drug Smuggler Arrested: हनुमानगढ़। भिरानी थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान मोटर साइकिल सवार दो युवकों को 20.42 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अफीम के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटर साइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों युवकों ने पिछले दो माह से अफीम बेचने का धंधा करने और निनाण निवासी से 5 हजार रुपए में अफीम खरीदकर लाने की बात बताई है। भिरानी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, भिरानी थाना प्रभारी रामप्रताप पुलिस जाप्ते के साथ रात्रि को गश्त कर रहे थे। इस दौरान भादरा से आदमपुर मंडी सड़क मार्ग पर छानीबड़ी पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी की गई। रात करीब 10 बजे छानीबड़ी की तरफ से अपाची मोटर साइकिल नंबर एचआर 44 डी 3672 पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को वर्दी में नाकाबंदी करते देखकर दोनों ने बाइक रोककर वापस घुमाने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। युवकों की पहचान जगतपाल (26) पुत्र कृष्ण कुमार और अरसद (22) पुत्र अकबर अली दोनों निवासी छानीबड़ी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान मोटर साइकिल के हैंडल पर लटकी काले रंग की थैली में रखी पारदर्शी प्लास्टिक थैली से गाढ़ा काला-भूरा पदार्थ मिला। जांच करने पर दोनों ने इसे अफीम बताया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर प्लास्टिक थैली सहित अफीम का कुल वजन 20.42 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों के पास अफीम रखने और परिवहन करने का लाइसेंस या परमिट नहीं था। पुलिस पूछताछ में जगतपाल और अरसद ने बताया कि वे पिछले दो माह से अफीम बेचने का काम कर रहे हैं।
उनके अनुसार, निनाण निवासी सुरेश मिस्त्री उन्हें अफीम की आपूर्ति करता है। दोनों ने उससे 20.42 ग्राम अफीम 5 हजार रुपए में खरीदी थी और उसे निनाण व भादरा क्षेत्र में बेचने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बिक्री से होने वाला मुनाफा दोनों आपस में आधा-आधा बांट लेते हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अफीम के अलावा मोटर साइकिल जब्त की। जगतपाल के पास से एक तथा अरसद के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।
पुलिस इन मोबाइल फोन के जरिए अफीम तस्करी से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास करेगी। भिरानी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच भादरा थाना प्रभारी राधेश्याम को सौंपी गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी रामप्रताप, हेड कांस्टेबल राजमोहन, कांस्टेबल मोहनलाल और संदीप शामिल रहे।