Gurugram Crime News: डेढ़ लाख रुपये के विवाद में पीजी संचालक की गोली मारकर हत्या

उधार के पैसे मांगने पहुंचा रिटायर्ड फौजी, माथे में मारी गोली

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: आचार्यपुरी कॉलोनी में डेढ़ लाख रुपये के लेन-देन को लेकर पीजी संचालक हेमंत कौशिक (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात का आरोप उसके दोस्त और रिटायर्ड फौजी अमरजीत पर है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, अमरजीत मंगलवार रात हेमंत के घर उधार दिए 1.5 लाख रुपये मांगने पहुंचा था। उसने कमरे में टेबल पर पिस्टल रखकर पैसे मांगे और 20 प्रतिशत ब्याज देने की बात कही। हेमंत ने आठ दिन का समय मांगा, लेकिन आरोपी तैयार नहीं हुआ। बहस बढ़ने पर अमरजीत ने हेमंत के माथे में गोली मार दी। उस समय उसकी पत्नी, तीन बच्चे और दोस्त ललित भी कमरे में मौजूद थे।

गोली लगने के बाद परिजन हेमंत को अस्पताल ले गए, जहां से उसे फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ घंटे बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। हेमंत पीजी चलाने के साथ किराये का काम भी करता था। परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। सेक्टर-14 थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि आरोपी भिवानी का रहने वाला है और मामले की जांच जारी है।

Gurugram News
Gurugram News: गुरुग्राम की आचार्यपुरी में पीजी संचालक हेमंत कौशिक की हत्या का आरोपी रिटायर्ड फौजी अमरजीत व हेमंत कौशिक का घर।

About The Author

Related Posts