शिक्षा और रोजगार
रेवाड़ी में चार साल की मासूम से दुष्कर्म, आरोपी फरार
मां अस्पताल गई तो पड़ोसी युवक के पास छोड़ी थी बच्ची
रेवाड़ी (सच कहूँ न्यूज)। Rewari News: रेवाड़ी के कसोला थाना क्षेत्र में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में किराए पर रहने वाले मध्य प्रदेश निवासी युवक ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी बावल की एक कंपनी में काम करता है और घटना के बाद से फरार है।
जानकारी के अनुसार बिहार निवासी परिवार क्षेत्र के एक गांव में रहता है। मंगलवार शाम बच्ची की मां दवाई लेने अस्पताल गई थी। वह अपनी चार वर्षीय बेटी को पड़ोसी युवक के कमरे में छोड़ गई। देर शाम लौटने पर महिला ने बच्ची को कमरे में बदहाल हालत में पाया, जबकि आरोपी वहां से गायब था। महिला ने पति और पड़ोसियों को जानकारी देकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर कसोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों के अनुसार साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।