Sanitation Workers' Strike: हड़ताल पर सरकार का बड़ा एक्शन, 12 पेरोल कर्मचारियों की सेवाएं खत्म

शहरों में 35 दिनों से जगह-जगह लगे हैं कचरे के ढेर, जनता परेशान

Published On

फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद शर्मा)। Fatehabad News: नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के आह्वान पर जिले में 35 दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। प्रशासन ने जिलेभर में 300 से ज्यादा पेरोल कर्मचारियों और करीब 45 रेगुलर कर्मचारियों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस अवधि में ड्यूटी पर नहीं लौटने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। बुधवार शाम तक 12 पेरोल कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की जा चुकी थीं, जबकि एक रेगुलर कर्मचारी को निलंबित किया गया है। सेवाएं समाप्त किए गए कर्मचारियों में 10 रतिया के बताए गए हैं।

नगर निकाय अधिकारियों की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि हड़ताल पर गए कर्मचारियों को पहले भी काम पर लौटने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने नोटिस तक लेने से इनकार कर दिया। प्रशासन ने सफाई व्यवस्था को आवश्यक सेवा बताते हुए बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने, दूसरे कर्मचारियों को काम करने से रोकने और सरकारी संपत्ति व मशीनरी को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोपों का हवाला दिया है।

फतेहाबाद में सबसे ज्यादा रेगुलर कर्मचारियों को नोटिस

फतेहाबाद नगर परिषद में 107 पेरोल कर्मचारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस दिया गया है, जबकि 26 रेगुलर कर्मचारियों को सेवा से हटाने का नोटिस जारी किया गया है। टोहाना नगर परिषद में 99 पेरोल और 13 रेगुलर कर्मचारियों को नोटिस मिले हैं। भूना नगरपालिका में 56 पेरोल कर्मचारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस दिया गया है। रतिया नगरपालिका में 52 पेरोल और 6 रेगुलर कर्मचारियों को नोटिस जारी हुए हैं। इनमें 10 पेरोल कर्मचारियों की सेवाएं पहले ही समाप्त की जा चुकी हैं। जाखल नगरपालिका में 17 पेरोल कर्मचारियों को सेवा समाप्ति का नोटिस दिया गया है।

कचरा उठाने में बाधा पर एफआईआर

प्रशासन के मुताबिक कचरा उठाने में बाधा डालने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के मामलों में विभिन्न थानों में बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर भी दर्ज की गई हैं। प्रशासन का कहना है कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के शहरों में सफाई व्यवस्था सुचारू रखने संबंधी निदेर्शों के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते जिले के अलग-अलग शहरों में 35 दिनों से जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है और गंदगी के कारण बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। प्रशासन की सख्ती के बाद अब हड़ताल को लेकर सरकार और कर्मचारियों के बीच टकराव बढ़ने के आसार हैं।

काम पर नहीं लौटे तो होगी कड़ी कार्रवाई: ईओ 

फतेहाबाद नगर परिषद के ईओ सुरेश चौहान ने बताया कि हड़ताल पर चल रहे सभी कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नोटिस के बाद भी कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं लौटे तो नियमानुसार बर्खास्तगी सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहर में कचरा उठाने वाली एजेंसी के कर्मचारी अब काम पर लौट आए हैं। सफाई व्यवस्था को सुचारू करने के लिए दूसरी एजेंसी को वर्क आॅर्डर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान विजय ढाका ने बताया कि जिलेभर में करीब 330 पेरोल और 45 रेगुलर कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। संघ लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर है।

Fatehabad News
Fatehabad News: हड़ताल पर सरकार का बड़ा एक्शन, 12 पेरोल कर्मचारियों की सेवाएं खत्म

About The Author

Related Posts