Delhi NCR Weather: ग्रीन जोन में पहुंचा दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआई, जारी है बारिश का दौर
अगले दिनों में मौसम रहेगा सुहावना, मौसम विभाग का पूर्वानुमान
Delhi NCR Weather: नई दिल्ली (एजेंसी)। मानसून की सक्रियता के बीच हुई बारिश से दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर संतोषजनक बना हुआ है। हालांकि, मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में हवा की स्थिति पर नजर रखना जरूरी होगा।
शनिवार को दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। बारिश के बाद हवा में सुधार के बीच दिल्ली के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर एक्यूआई संतोषजनक स्तर पर दर्ज किया गया। उपलब्ध आंकड़ों में सीआरआरआई मथुरा रोड का एक्यूआई 38, बुराड़ी क्रॉसिंग का 43 और आयानगर का 44 रहा।
दिल्ली के प्रमुख इलाकों में एक्यूआई
क्षेत्र -एक्यूआई
- आनंद विहार -77
- अशोक विहार -104
- आयानगर-44
बवाना-49 - बुराड़ी क्रॉसिंग-43
- कैंटोनमेंट एरिया-55
- चांदनी चौक-82
- कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स-60
- सीआरआरआई मथुरा रोड-38
- अशोक विहार में एक्यूआई 104 दर्ज हुआ, जबकि मथुरा रोड पर हवा सबसे बेहतर स्थिति में रही।
नोएडा में भी हवा की स्थिति संतोषजनक
नोएडा के उपलब्ध चार सक्रिय मॉनिटरिंग स्टेशनों पर भी प्रदूषण का स्तर नियंत्रण में रहा। सेक्टर-62 में एक्यूआई 42, सेक्टर-125 में 50, सेक्टर-116 में 81 और सेक्टर-1 में 86 दर्ज किया गया। इन आंकड़ों के अनुसार, सेक्टर-62 की हवा सबसे बेहतर रही, जबकि सेक्टर-1 में एक्यूआई अपेक्षाकृत अधिक दर्ज हुआ। गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में भी बारिश के बाद हवा की गुणवत्ता में सुधार देखा गया। इंदिरापुरम और संजय नगर में एक्यूआई 39 रहा, जबकि गोविंदपुरम में 46, लोनी में 52, वसुंधरा में 52 और वेद विहार-लोनी में 86 दर्ज किया गया।
6 से 8 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 6 सितंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 7 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 8 सितंबर को भी मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और तापमान 34 तथा 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलने के साथ वायु गुणवत्ता में भी उतार-चढ़ाव हो सकता है।