Sudan Violence: सूडान के साउथ कोर्डोफान में दहशत! हिंसा में गई 26 लोगों की जान

दो अलग-अलग हमलों में दर्जनों घायल

Published On

खार्तूम। सूडान के साउथ कोर्डोफान राज्य में दो अलग-अलग हमलों में कम से कम 26 लोगों की मौत और दर्जनों के घायल होने की खबर है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कौडा के आसपास हुए हमले में 21 से अधिक लोग मारे गए, जबकि डिलिंग शहर में गोलाबारी के दौरान पांच लोगों की जान चली गई। 

वॉलंटियर संगठन सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क के अनुसार, गुरुवार दोपहर कौडा के दक्षिण और पश्चिम में स्थित डेबी तथा लुवैरी में हमले हुए। संगठन ने बताया कि इन घटनाओं में महिलाओं और बच्चों समेत 21 से अधिक लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए। डेबी के एक ग्रामीण अस्पताल से जुड़े चिकित्सा सूत्र ने बताया कि वहां 20 से अधिक शव और 11 घायल लोगों को लाया गया। क्षेत्र में मानवीय संकट गहराने की आशंका के बीच स्थानीय लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं।

डिलिंग में गोलाबारी, पांच लोगों की मौत

नेटवर्क ने बताया कि शुक्रवार तड़के डिलिंग शहर में हुई एक अन्य घटना में एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, रिहायशी इलाकों में तोप के गोले गिरे, जिससे कई लोग घायल हुए। संगठन ने इन हमलों की निंदा करते हुए इन्हें अगस्त के अंत में हुए संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन बताया। उसने एसपीएलएम-एन पर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। हालांकि, संगठन की ओर से लगाए गए आरोपों पर एसपीएलएम-एन की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

संघर्ष और विस्थापन का बढ़ता संकट

साउथ कोर्डोफान में सक्रिय सूडान पीपल्स लिबरेशन मूवमेंट-नॉर्थ (एसपीएलएम-एन) को पैरामिलिट्री रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) का सहयोगी बताया जाता है। वर्ष 2011 में गठित यह संगठन साउथ कोर्डोफान और ब्लू नाइल के कुछ हिस्सों में प्रभाव रखता है। कोर्डोफान के विभिन्न इलाकों में सूडानी सशस्त्र बलों (एसएएफ) और दूसरी ओर आरएसएफ तथा एसपीएलएम-एन के बीच संघर्ष जारी है। अप्रैल 2023 में शुरू हुआ यह व्यापक युद्ध अब चौथे वर्ष में पहुंच चुका है। इस दौरान हजारों लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग अपने घरों से विस्थापित हुए हैं।

About The Author

Related Posts