शिक्षा और रोजगार
Theft Case: चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का राजफाश, दो गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान एवं अवैध चाकू बरामद
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कोतवाली पुलिस ने चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी किया गया सामान व अवैध चाकू बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। विगत 12 जून की रात्रि बराला के जंगल में अज्ञात चोरों ने विभिन्न ट्यूबवेल के कमरों के ताले तोड़कर स्टार्टर, विद्युत केबिल, कटआउट, छत का पंखा, ग्राइंडर, लोहे का सामान, कृषि दवाइयां आदि सामान चोरी कर लिया था।
इसके अतिरिक्त, विगत 19-20 जुलाई की रात्रि ग्राम मोहम्मदपुर राई क्षेत्र में भी अज्ञात चोरों ने विभिन्न किसानों की ट्यूबवेल से विद्युत केबिल काटकर चोरी कर लिए थे। इसके अलावा, 04 सितंबर की रात्रि कस्बे के अलीपुर रोड पर स्थित बाग में बनी फूंस-पुआल की झोपड़ी से अज्ञात चोरों ने एक बड़ा इलेक्ट्रॉनिक कांटा, तिपहिया रेहड़ा तथा कृषि कार्य में प्रयुक्त फावड़े, दरांती, बलकटी एवं खुरपे आदि सामान चोरी कर लिया था। इन सभी घटनाओं के संबंध में कोतवाली कैराना पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किए गए थे। घटनाओं के शीघ्र अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु एसपी शामली ने प्रभारी निरीक्षक कैराना को दिशा-निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में बुधवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के आदेशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में संलिप्त 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनके कब्जे से चोरी किया हुआ इलेक्ट्रॉनिक कांटा, रेहड़ा, 22 मीटर विद्युत केबिल, प्लास, 02 पेचकस व एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना नाम व पता आज़म निवासी ग्राम मलकपुर थाना कांधला व सद्दाम निवासी मोहल्ला इकरामपुरा कस्बा कैराना बताए। पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।