Water Connections: नोटिस के बाद अवैध जल कनेक्शनों पर चला कनेक्शन काटो अभियान

नोटिस के बाद अवैध जल कनेक्शनों पर चला कनेक्शन काटो अभियान

Published On

रतिया (सच कहूँ न्यूज)। Ratia News: जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने बिना स्वीकृति चल रहे जल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को उपमंडल अभियंता अंचल जैन की अध्यक्षता में विभागीय टीम ने क्षेत्र में कनेक्शन काटो अभियान चलाकर ऐसे कनेक्शनों की जांच की। उपमंडल अभियंता अंचल जैन ने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं को करीब 20 दिन पहले नोटिस जारी कर अपने जल कनेक्शन नियमानुसार स्वीकृत एवं नियमित करवाने के निर्देश दिए गए थे। पर्याप्त समय दिए जाने के बावजूद जिन उपभोक्ताओं ने कनेक्शन नियमित नहीं करवाए, उनके खिलाफ विभाग ने कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विभागीय टीम के मौके पर पहुंचने पर कुछ उपभोक्ताओं ने तत्काल आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर कनेक्शन मंजूर करवा लिए। वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने शाम तक का समय मांगते हुए कनेक्शन नियमित करवाने का आश्वासन दिया। अंचल जैन ने कहा कि विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को परेशान करना नहीं, बल्कि सभी जल कनेक्शनों को नियमों के अनुसार स्वीकृत करवाना है। उन्होंने बिना स्वीकृति जल कनेक्शन चला रहे उपभोक्ताओं से जल्द कनेक्शन नियमित करवाने की अपील की।
अभियान के दौरान कनिष्ठ अभियंता अमनदीप सिंह, बीआरसी पृथ्वीराज, बीआरसी कुलदीप सिंह, की-मैन दलबीर सिंह, प्लंबर शमशेर सिंह, फिटर नफे सिंह, पंप चालक पवन कुमार सहित विभागीय टीम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

 

About The Author

Related Posts