RTI Information: आरटीआई की सूचना पर विवाद, धरने पर बैठे ब्लॉक समिति सदस्य

रिकॉर्ड की कॉपी नहीं देने का आरोप, बीडीपीओ बोले- सूचना देने से इनकार नहीं किया

Published On

ओढ़ां, सच कहूँ/राजू। Odhan News: आरटीआई के तहत मांगी गई सूचना को लेकर सोमवार को ओढ़ां के बीडीपीओ कार्यालय में विवाद हो गया। ब्लॉक समिति के वाइस चेयरमैन अंजू शर्मा, सदस्य गुरदीप सिंह और पवन कुमार सोनी ने साथियों के साथ कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। उन्होंने रिकॉर्ड की प्रतियां देने के बजाय केवल अवलोकन कराने का आरोप लगाया। वहीं, बीडीपीओ अमन मित्तल ने कहा कि रिकॉर्ड देखने से मना नहीं किया गया था। विवाद बिना अनुमति वीडियो बनाने को लेकर हुआ। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है।

गुरदीप सिंह ने 7 अगस्त को वर्ष 2023 से 2026 तक ब्लॉक समिति के कार्यों की जानकारी मांगी थी। कार्यालय ने उन्हें 19 अक्तूबर को सुबह 9 से 10 बजे तक रिकॉर्ड देखने के लिए बुलाया। गुरदीप ने रिकॉर्ड की प्रतियां मांगी और मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद हो गया। उनका कहना था कि इतने बड़े रिकॉर्ड का एक घंटे में अवलोकन करना संभव नहीं है। बीडीपीओ ने आरोप लगाया कि बिना अनुमति महिला कर्मचारियों की वीडियो बनाई गई और सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली गई। डेटा एंट्री आॅपरेटर अमनदीप कौर ने भी बिना अनुमति वीडियो बनाकर ग्रुप में साझा करने का आरोप लगाया। दोनों ने पुलिस से शिकायत की है। बीडीपीओ ने कहा कि सूचना के लिए नियमानुसार अपील की जा सकती है।

About The Author

Related Posts