Parvinder Singh Jhota Murder Case: परविन्द्र सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर पंजाबभर में प्रदर्शन, विधायकों-मंत्रियों को सौंपे ‘लाहनत पत्र’

परविन्द्र सिंह झोटा हत्याकांड: पंजाब भर में विधायकों और मंत्रियों को सौंपे ‘लाहनत पत्र’

Published On

मानसा, सच कहूँ/सुखजीत मान। नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने के कारण गोलियाँ मारकर हत्या किए गए एंटी ड्रग टास्क फोर्स के सदस्य और मानसा निवासी परविन्द्र सिंह झोटा के परिवार को इन्साफ मिलने में हो रही देरी के विरोध में सोमवार को संघर्ष कमेटी के आह्वान पर पंजाब भर में सत्ताधारी विधायकों और मंत्रियों के घरों के बाहर प्रदर्शन किए गए। प्रदर्शनकारियों ने उनके घरों में जाकर विरोध दर्ज करवाने के लिए ‘लाहनत पत्र’ सौंपे। इस दौरान विधायकों और मंत्रियों के घरों तथा कार्यालयों के बाहर पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हुए थे। कई जगह पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन रोष में आए प्रदर्शनकारी पुलिस के बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गए।

प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में ‘नशे के खिलाफ जो लड़ते लोग, वही क्यों मरते लोग’ और ‘जस्टिस फॉर परविंदर सिंह झोटा’ लिखी तख्तियां पकड़ी हुई थीं। कई प्रदर्शनकारी परविन्द्र सिंह झोटा और खरड़ में हत्या की शिकार हुई ड्रग इंस्पेक्टर डॉ. नेहा शौरी की तस्वीरें भी लेकर पहुंचे। कई जिलों में विधायकों के कार्यालयों के स्टाफ ने प्रदर्शनकारियों से लाहनत पत्र प्राप्त किए। वहीं, जिन विधायकों या मंत्रियों के घरों के बाहर प्रदर्शनकारी पहुंचने के बावजूद कोई बाहर नहीं आया, वहाँ उनके मुख्य गेट के पास दीवारों पर लाहनत पत्र चिपका दिए गए। जानकारी के अनुसार, 13 अक्तूबर को गोलियाँ मारकर हत्या किए गए परविन्द्र सिंह झोटा के परिवार को इन्साफ दिलाने के लिए चल रहे संघर्ष के अगले चरण के तहत आज पंजाब भर में सत्ताधारी विधायकों और मंत्रियों के घरों के सामने रोष प्रदर्शन कर लाहनत पत्र सौंपे गए। इस दौरान बठिंडा जिले के तलवंडी साबो विधानसभा क्षेत्र की विधायक प्रो. बलजिन्द्र कौर को लाहनत पत्र सौंपने जाते समय प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच काफी टकराव हुआ।

पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को हर हाल में रोकने की कोशिश की, लेकिन रोष में आए लोगों के सामने पुलिस के बैरिकेड टिक नहीं सके। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का-मुक्की में भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के किसान बूटा सिंह निवासी मलकोणा घायल हो गए। इसी तरह मौड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव माइसरखाना में विधायक सुखवीर सिंह माइसरखाना के कार्यालय के सामने प्रदर्शन के दौरान अकाली दल वारिस पंजाब दे के मौड़ हलका प्रभारी लक्खा सिंह सिधाणा और एक अकाली नेता के बीच भी कहासुनी हुई।

मौड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुखवीर सिंह माइसरखाना के कैंप कार्यालय के सामने जब प्रदर्शनकारी धरना देने पहुंचे तो विधायक भी धरने में शामिल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पहले उन्हें लाहनत पत्र पढ़कर सुनाया और फिर सौंप दिया। विधायक ने कहा कि हालांकि वह आज सरकार का हिस्सा नहीं हैं, क्योंकि उन्हें निलंबित कर दिया गया है, लेकिन सभी विधायकों की ओर से नशे के खिलाफ लड़ाई में योगदान दिया जा रहा है। उन्होंने परविन्द्र सिंह झोटा के परिवार को इन्साफ दिलाने की मांग भी उठाई।

Mansa News: तलवंडी साबो। प्रदर्शनकारियों को रोकती पुलिस।

Mansa News
मौड़ मंडी। धरने को संबोधित करते विधायक सुखवीर सिंह माइसरखाना व अन्य 

 

About The Author

Related Posts