Kairana Road Accident: कार की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग किसान की मौत, कोहराम

जमीनी विवाद के सिलसिले में कैराना तहसील जा रहा था किसान सुखवंत सिंह, कस्बे के झिंझाना मार्ग पर स्थित नाहिद कॉलोनी के पास हुआ दर्दनाक हादसा

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के झिंझाना मार्ग पर अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से मृतक किसान के परिवार में कोहराम मचा है। बताया जा रहा है कि किसान जमीनी विवाद से जुड़े किसी मामले में कैराना तहसील जा रहा था। मृतक किसान के साथ जालसाजी के कई मुकदमें चल रहे है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।

बुधवार को झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव दभेड़ी बुजुर्ग निवासी किसान सुखवंत सिंह(65) बाइक से कैराना जा रहे थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब वह कैराना-झिंझाना मार्ग पर स्थित नाहिद कॉलोनी के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आई तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। आरोपी चालक घटना के पश्चात कार समेत मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक सवार किसान गम्भीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की सहायता से कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। जहां पर गम्भीर रूप से घायल किसान को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार व किलागेट चौकी प्रभारी एसआई राजकुमार बघेल पुलिस टीम के साथ में अस्पताल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। बाद में मृतक किसान की पत्नी, बेटा व भाई भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मृतक किसान के शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक किसान के परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार को सुखवंत सिंह जमीनी विवाद से जुड़े मामले में कैराना तहसील आ रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि सुखवंत सिंह के साथ में जालसाजी के कई मुकदमें चल रहे है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। परिजनों ने हादसे पीछे मुकदमों से जुड़ी रंजिश की भी आशंका व्यक्त की है। हालांकि शाम तक भी परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर पुलिस को नही दी गई थी। पुलिस मामले में फिलहाल हादसे के अलावा दूसरे बिन्दुओं पर भी जांच कर रही है। मृतक किसान का एक पुत्र हरगुण सिंह बताया गया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के सम्बन्ध में तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज करके अग्रिम कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Kairana News

About The Author

Related Posts