शिक्षा और रोजगार
North Western Railway: जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने गडरा रोड शहीद स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए 17 रेल कर्मचारियों को किया नमन
North Western Railway: जोधपुर, (सच कहूँ न्यूज़)। उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल के गडरा रोड रेलवे स्टेशन पर बुधवार को वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए 17 रेल कर्मचारियों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी विशेष निरीक्षण ट्रेन से गडरा रोड पहुंचे और शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीद रेल कर्मचारियों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि वर्ष 1965 के युद्ध के दौरान रेल कर्मचारियों ने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया तथा राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। उनका बलिदान पूरे रेल परिवार के लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि पूरा रेल परिवार अमर शहीद रेल कर्मचारियों के बलिदान को शत-शत नमन करता है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अमित स्वामी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/दूरसंचार अनुपम कुमार, मंडल इंजीनियर संजय पुनिया, मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी सहित मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन की बाड़मेर यूनिट के ब्रांच सेक्रेटरी श्री गजेंद्र सिंह एवं अन्य यूनियन पदाधिकारी, बीएसएफ के जवान तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि के पश्चात आयोजित सभा की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने की। सभा में जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी अमर शहीद रेल कर्मचारियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। यूनियन मंत्री के संबोधन से पूर्व शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मांगों का ज्ञापन मंडल रेल प्रबंधक को सौंपा। डीआरएम ने मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले स्थानीय स्कूली बच्चों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा पुरस्कृत किया गया। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए 10,000 के सामूहिक पुरस्कार की घोषणा भी की गई। वहीं, स्थानीय कार्यक्रम के आयोजन तथा स्कूली शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों में सहयोग के लिए यूनियन संगठन को 25,000 के सामूहिक पुरस्कार की घोषणा की गई।
गडरारोड-बाड़मेर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात मंडल रेल प्रबंधक श्री अनुराग त्रिपाठी ने गडरा रोड से बाड़मेर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलखंड में संरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों, रेल पथ की स्थिति तथा यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।