शिक्षा और रोजगार
Bomb Threat: नगर निगम गुरुग्राम को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर को खंगाला
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: नगर निगम गुरुग्राम के कार्यालय को गुरुवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल मिलते ही अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को खाली कराकर जांच शुरू की।
निगम की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सुबह 11:38 बजे संदेश आया। इसमें दोपहर 1:11 बजे आईईडी ब्लास्ट करने की धमकी दी गई थी। ईमेल खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया है। इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई स्थानों और लोगों को निशाना बनाने की धमकी दी गई। पांच और छह सितंबर को बठिंडा तथा 13 सितंबर को क्रिकेट स्टेडियम में हमले की बात भी कही गई है।
धमकी के बाद संबंधित राज्यों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। नगर निगम परिसर की हर मंजिल, पार्किंग और अन्य संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है। शुरूआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस फिलहाल इसे शरारत या हॉक्स कॉल मान रही है, लेकिन सुरक्षा में कोई लापरवाही नहीं बरती जा रही। साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। पुलिस का प्रयास आरोपी तक पहुंचकर उसके खिलाफ कार्रवाई करना है।