शिक्षा और रोजगार
मंत्री नरेंद्र कश्यप का जनता दरबार, फरियादियों की समस्याएं सुन अधिकारियों को लगाए फोन
बोले - जनता को न लगाने पड़ें चक्कर, हर शिकायत का हो समयबद्ध निस्तारण
गाजियाबाद (सच कहूं/न्यूज)। Ghaziabad News: प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बुधवार को सेक्टर-23 स्थित आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीण क्षेत्र समेत विभिन्न विधानसभाओं से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। मंत्री ने सड़क, बिजली, पानी, राजस्व, पुलिस व नगर निकाय से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि जनता को अपनी समस्या के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। किसी भी फरियादी को बेवजह दूसरे दफ्तर के चक्कर न लगवाए जाएं। मंत्री ने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उनका तुरंत निस्तारण किया जाए और जिन मामलों में शासन स्तर से कार्रवाई जरूरी है, उन्हें उच्चाधिकारियों तक पहुंचाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दर्शन के दौरान मंत्री ने एक-एक फरियादी से मिलकर गंभीरता से उनकी समस्या नोट कराई। मौके पर ही अधिकारियों से बात कर कार्रवाई शुरू कराने से लोगों में संतोष दिखा।
सरकार की प्राथमिकता, आमजन तक पहुँचे लाभ: कश्यप
मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। जनता दर्शन का मकसद ही यही है कि लोगों की आवाज सीधे शासन तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायत के निस्तारण की जानकारी संबंधित फरियादी को भी दी जाए। कार्रवाई से उत्साहित फरियादियों ने मंत्री के इस कदम की सराहना की।