शिक्षक समाज की नींव, राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम: कंवलजीत कौर
रोटरी क्लब एलिट ने शिक्षक दिवस पर महिला शिक्षकों को किया सम्मानित, प्रधान सिमरन संधू ने कहा—शिक्षकों का सम्मान करना समाज का दायित्व
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: रोटरी क्लब एलिट की ओर से शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की महिला शिक्षकों को उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए जा रहे उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने कहा कि शिक्षक समाज की नींव होते हैं और विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कक्षा से होता है और इसमें शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस केवल एक दिन शिक्षकों को सम्मान देने का अवसर नहीं, बल्कि उनके योगदान को याद करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। उन्होंने रोटरी क्लब एलिट द्वारा महिला शिक्षकों को सम्मानित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में शिक्षा और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। रोटरी क्लब एलिट की प्रधान सिमरन संधू ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। एक शिक्षक अपने ज्ञान और संस्कारों से विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी अहम योगदान देता है। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षिकाएं शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
क्लब का उद्देश्य ऐसी प्रतिभाओं और समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्वों को सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाना है। सचिव निधि चावला ने कहा कि रोटरी क्लब एलिट भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा। समारोह के दौरान सम्मानित महिला शिक्षकों ने रोटरी क्लब एलिट का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार का सम्मान उन्हें अपने कार्य को और अधिक समर्पण एवं उत्साह के साथ करने के लिए प्रेरित करता है। इस मौके पर अर्बर ग्रो स्कूल की प्रिंसिपल डॉ.प्रोमिला बत्रा, सचिव निधि चावला, कोषाध्यक्ष रुचि गुप्ता, दर्शना चावला एमडी एस. डी. पब्लिक स्कूल, उषा वाधवान सेवानिवृत्त शिक्षिका, पूजा तनेजा प्रधानाचार्या, डिवाइन हार्ट प्ले वे स्कूल, रितिका गुलाटी स्वर्ण पदक विजेता, एजीएस स्कूल, डॉ. कुलजीत कौर, डॉ. दीपिका अरोड़ा, कृतिका बंसल, शिवानी चावला,नीरज पुरी,नेहा अरोड़ा,डॉ. गुरशरण कौर,कोपल गुलाटी, पूजा वाधवान रहें l