भिवानी के अंकुर शर्मा बने समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण
मासूम की जान बचाने के लिए किया रक्तदान
Blood Donation: भिवानी, (सच कहूँ/इन्द्रवेश)। मानवता की सेवा और सामाजिक सरोकार की एक मिसाल भिवानी में देखने को मिली। भिवानी के एक निजी बच्चों के अस्पताल में देर रात दाखिल नवजात शिशु को जब अचानक ए-पॉजिटिव फ्रेश होल ब्लड की सख्त जरूरत पड़ी, तब चरखी दादरी के गांव कलाली निवासी मासूम के परिवार के लिए उम्मीद की एक नई किरण जगी। सूचना मिलते ही गांव धिराणा के रक्तदाता अंकुर शर्मा बिना समय गंवाए अस्पताल पहुंचे और रक्तदान कर मासूम बच्चे को नया जीवन देने का पुनित कार्य किया। बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत फ्रेश ब्लड का इंतजाम करने की सलाह दी थी। परिवार के लोग काफी परेशान थे और लगातार रक्तदाता की तलाश कर रहे थे।
जैसे ही इस बात की जानकारी शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा को लगी तो उन्होंने अपनी टीम से संपर्क किया, जिसके बाद धीराना गांव के युवा अंकुर शर्मा ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा ने कहा कि रक्तदान महादान है और जब बात किसी नवजात शिशु की जान बचाने की हो, तो यह सेवा और भी पावन हो जाती है। धीराना गांव के युवा अंकुर शर्मा ने आज जो मिसाल पेश की है, वह पूरे समाज और युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायी है। एक बूंद खून किसी का पूरा संसार बचा सकती है। वे युवाओं से अपील करते है कि किसी भी आपात स्थिति का इंतजार न करें, बल्कि नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लें।