कांग्रेस मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन, कांग्रेस भवन में शोक सभा
कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि
चाईबासा (सच कहूँ/(हि.स.)। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर सोमवार को चाईबासा स्थित कांग्रेस भवन में शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। शोक सभा में उपस्थित कांग्रेसजनों ने सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। साथ ही शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
जनसेवा के योगदान को किया याद
कांग्रेस विधायक सह जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि सोनू एक सक्रिय जनप्रतिनिधि होने के साथ-साथ जनहित के मुद्दों के प्रति गंभीर और समर्पित नेता थे। सोनाराम सिंकु के अनुसार, उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में गहरा शून्य उत्पन्न हुआ है। जनसेवा के क्षेत्र में किए गए उनके कार्यों को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार इस कठिन समय में दिवंगत नेता के परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा है।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
शोक सभा में जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजीत यादव, पुरुषोत्तम दास पान, जिला परिषद सदस्य जय प्रकाश महतो, दिकु सावैयां, जय प्रकाश लागुरी, सिकुर गोप, अशरफुल होदा, लियोनर्ड बोदरा, सोमा पुरती, इम्तियाज खान, राजेन्द्र कच्छप, विक्रमदित्य सुंडी, गोपाल बोदरा, मथुरा चाम्पिया, सुरसेन टोपनो, जहाँगीर आलम, काजल गोराई, सूरज सुंडी, बचन खान, चंद्र भूषण पिंगुवा और सुशील दास सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।