Rajasthan News: मॉल की सातवीं मंजिल से गिरकर स्कूल संचालक की मौत
प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से मनमुटाव की बात सामने आई
जयपुर (सच कहूँ/हि.स.)। चित्रकूट नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक निजी स्कूल संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना अजमेर रोड स्थित एलीमेंट मॉल में हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। जांच के दौरान मॉल की पार्किंग और आसपास के हिस्सों के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिले हैं।
थानाधिकारी विक्रम सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान 38 वर्षीय अभिनव राज के रूप में हुई है। वह बनीपार्क के दुर्गा मार्ग के निवासी थे और इसी क्षेत्र में निजी स्कूल संचालित करते थे। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अभिनव सोमवार सुबह करीब नौ बजे अपाचे बाइक से घर से निकले थे। लगभग आधे घंटे बाद वह एलीमेंट मॉल पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक पार्किंग में खड़ी की और लिफ्ट के जरिए ऊपरी मंजिल पर गए। कुछ देर बाद उनके नीचे गिरने की सूचना सामने आई। घटना के बाद मॉल परिसर में मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और एफएसएल विशेषज्ञों से आवश्यक साक्ष्य एकत्र करवाए।
पारिवारिक विवाद के पहलू की भी जांच
पुलिस के अनुसार, अभिनव राज की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से मनमुटाव की बात सामने आई है। दोनों अलग-अलग रह रहे थे। पुलिस इस पारिवारिक विवाद और कथित मानसिक तनाव से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारी मॉल की पार्किंग सहित अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक संकट या खुदकुशी के विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति से संपर्क करें और स्थानीय आपातकालीन सेवा या मानसिक स्वास्थ्य सहायता से मदद लें।