रांची के सदर अस्पताल परिसर से बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार और 4 बाइक बरामद

रांची के सदर अस्पताल परिसर से बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार और 4 बाइक बरामद

Published On

रांची (एजेंसी)। Ranchi News: रांची के सदर अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की गाड़ियां चोरी करने वाले एक गिरोह का रांची पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। लोअर बाजार थाना पुलिस और विशेष गश्ती दल की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के मुख्य सरगना सहित कुल सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।  

पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही और स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अस्पताल परिसर में लगातार हो रही दोपहिया वाहनों की चोरी को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर एक विशेष रणनीति बनाई गई थी। इसके तहत सदर अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में टाइगर मोबाइल, पीसीआर और माइक यूनिट को विशेष निगरानी के लिए तैनात किया गया था। 

इसी क्रम में 6 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति अस्पताल परिसर में बाइक चोरी की नीयत से रेकी कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की बाइक छिपाने के ठिकानों का खुलासा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। 

गिरफ्तार आरोपियों में नामकुम निवासी इरफान अंसारी, बेड़ो निवासी मो. कैश आलम, मोसिन राय, इमरान आलम उर्फ भालो, मो. जफरुल्ला और सिसई (गुमला) निवासी सैफ अंसारी उर्फ राज शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ लोअर बाजार थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 153/2026 दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने साल 2021 के एक पुराने चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अप्राथमिकी अभियुक्त शाहिद राय को भी गिरफ्तार किया है। 

इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने वाली विशेष छापेमारी टीम का नेतृत्व लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह कर रहे थे। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक, देवानंद कुमार यादव, दीपक किशोर तिवारी, सुधीर बाड़ा, रंजीत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार सिंह और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। 

arrested

About The Author

Related Posts