Fraud Alert: विदेश भेजने के नाम पर ढाई लाख की ठगी
दुबई में बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप
हनुमानगढ़। विदेश में अच्छा काम और वेतन दिलाने का झांसा देकर दुबई भेजने तथा वहां बंधक बनाकर मारपीट व शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना देने का मामला सामने आया है। फेफाना निवासी ने फेफाना पुलिस थाना में रिपोर्ट देकर गांव के ही दो जनों पर विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने और दुबई में अपने कथित जानकारों के माध्यम से प्रताड़ित करवाने के आरोप लगाए हैं।
फेफाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस को दी रिपोर्ट में नवीन सिंह भाटी पुत्र दिनेश सिंह ने बताया कि वह फेफाना मुख्य बस स्टैंड पर ई-मित्र की दुकान चलाता था। मई 2026 में गांव के श्रवण कुमार पुत्र शेरसिंह गाट और रमेश कुमार भादू उसके पास आए। श्रवण कुमार ने बताया कि वह लड़के-लड़कियों को वर्किंग वीजा पर विदेश भेजने का काम करता है और उसकी स्वयं की बेटी भी पिछले करीब एक वर्ष से दुबई में रहकर काम कर रही है। उसने दुबई में अच्छे काम और वेतन का भरोसा दिलाया। श्रवण कुमार के झांसे में आने के बाद नवीन सिंह ने दुबई जाने के लिए सहमति दे दी।
विदेश भेजने के नाम पर उससे 2 लाख 50 हजार रुपए नकद और बैंक खाते के माध्यम से लिए गए। इस राशि की जिम्मेदारी रमेश भादू ने ली थी। कागजात तैयार होने के बाद श्रवण कुमार ने उसे 4 जून 2026 को दिल्ली एयरपोर्ट से विमान के जरिए दुबई भेज दिया। दुबई एयरपोर्ट पर श्रवण कुमार के बताए कुछ लोग उसे लेने आए और एक सुनसान स्थान पर बने दो मंजिला मकान में ले गए। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर कार्यालय तथा ऊपर रहने और खाने की व्यवस्था थी। वहां उसे बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
शुरुआती कुछ दिनों तक उसे मोबाइल फोन से परिवार से बात करने दी गई, लेकिन बाद में उसका मोबाइल छीन लिया गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया जाने लगा तथा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसे रस्सी से बांधकर रखा गया और तरह-तरह की यातनाएं दी गईं। इस दौरान उसके दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक पेन ड्राइव भी छीन लिए गए। उसके साथ रहने वाले लोग उसे जान से मारने की योजना भी बना रहे थे।
नवीन सिंह के अनुसार, वह 1 अगस्त 2026 की रात करीब 11.30 बजे किसी तरह वहां से निकलने में सफल हुआ। वह अपने जरूरी दस्तावेज लेकर बाहर आया और किसी तरह एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद मुंबई होते हुए दिल्ली पहुंचा तथा 3 अगस्त की अल सुबह करीब 4.30 बजे हिसार स्थित अपने ससुराल पहुंचा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि श्रवण कुमार ने विदेश भेजने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की तथा दुबई में अपने जानकारों के हाथों उसका सौदा कर बड़ी रकम हासिल की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले का अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक भंवरलाल की ओर से शुरू किया गया है। पुलिस मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।