Crypto Fraud: क्रिप्टो निवेश के नाम पर 3.5 करोड़ की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार 

3.25 बिटक्वाइन और 29 इथिरियम हड़पने का आरोप, पत्नी समेत तीन अन्य की तलाश जारी

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ न्यूज )। क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग और निवेश में भारी मुनाफे का झांसा देकर करीब 3.5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में गाजियाबाद साइबर क्राइम पुलिस ने एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 3.25 बिटक्वाइन और 29 इथिरियम हड़पने का आरोप है। अपर पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम, पीयूष कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि मुरादनगर निवासी नितिन सिंघल ने आकाश बंसल के खिलाफ क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग व निवेश के नाम पर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

आरोप है कि आकाश ने नितिन को उसके नाम पर क्रिप्टो वॉलेट बनाने और उसमें रकम निवेश कर मुनाफा कमाने का भरोसा दिया। इसके बाद नितिन और उसके मित्रों ने करीब 3.5 करोड़ रुपये मूल्य की 3.25 बिटक्वाइन और 29 इथिरियम आरोपी के बताए वॉलेट में जमा कर दिए। जांच में सामने आया कि आरोपी ने नितिन के नाम पर वॉलेट बनाने के बजाय अपने नाम से वॉलेट तैयार कराया और उसमें क्रिप्टोकरेंसी जमा करा ली। बाद में उसने क्रिप्टोकरेंसी नरोत्तम और अमन को बेचकर रकम नकद ले ली तथा वॉलेट डिलीट कर दिया।

इसके बाद नितिन को वॉलेट हैक होने और क्रिप्टोकरेंसी चोरी होने की बात बताई। पुलिस ने संबंधित क्रिप्टो एक्सचेंज से वॉलेट की जानकारी हासिल की, जिसमें आरोपी की भूमिका के साक्ष्य मिले। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पत्नी मनीषा बंसल भी ठगी में शामिल है। आकाश बंसल को 5 सितंबर को दिल्ली के मानसरोवर पार्क क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में मनीषा बंसल, नरोत्तम और अमन की तलाश जारी है।

About The Author

Related Posts