गोल्ड लोन की बकाया किस्त के नाम पर डॉक्टर की कार रुकवाई, लोहे की रॉड से हमला

प्रसूता को इलाज के लिए ले जा रहे डॉक्टर से मारपीट का आरोप, 32 हजार रुपए व इलाज की पर्चियों वाली थैली छीनी, कार भी क्षतिग्रस्त

Published On

हनुमानगढ़। प्रसूता को अल्ट्रासाउंड करवाने ले जा रहे एक डॉक्टर की कार को लोन की बकाया किस्त के नाम पर रोककर मारपीट करने, नकदी व इलाज संबंधी दस्तावेजों वाली थैली छीनने तथा कार में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने डॉक्टर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, डॉ. मनजोत सिंह (32) पुत्र अमरजीत सिंह निवासी वार्ड नंबर 24, 31 एनपी पीएस रायसिंहनगर जिला श्रीगंगानगर हाल आकाशदीप हॉस्पिटल, चुंगी नंबर 6, टाउन ने बताया कि वह आकाशदीप जनरल अस्पताल में कार्यरत हैं। अस्पताल में उपचाराधीन प्रसूता को पेशाब रुकने की समस्या के चलते 3 सितम्बर को फोकस अल्ट्रासाउंड, विजय सिनेमा के पास ले जाया जा रहा था।

कार में डॉक्टर के साथ प्रसूता का पति साहिल, प्रसूता और अस्पताल की एक सहायिका भी मौजूद थी। अपराह्न करीब 3 बजे राजवी पैलेस के पास कार नंबर एचआर 23-9102 ने डॉक्टर की कार के आगे वाहन लगाकर रास्ता रोक लिया। कार में सवार तीन लोगों ने कहा कि उसकी कार की लोन की किस्तें बकाया हैं और कार अपने कब्जे में लेने के लिए उसे तथा अन्य लोगों को नीचे उतारने का प्रयास किया। डॉक्टर ने उन्हें बताया कि कार की कोई किस्त बकाया नहीं है और मोबाइल फोन पर भुगतान की रसीद भी दिखाई।

इस दौरान आरोपियों ने कार की रिमोट संचालित चाबी छीनने का प्रयास किया। डॉक्टर ने चाबी को डैशबोर्ड पर रखी एक थैली में रख दिया। थैली में प्रसूता के इलाज की पर्चियां, जांच रिपोर्ट और करीब 32 हजार रुपए नकद थे। परिवादी के अनुसार, उसने और प्रसूता के पति साहिल ने मरीज की हालत का हवाला देते हुए बाद में बातचीत करने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। उन्होंने तत्काल 10 हजार रुपए जमा करवाने की मांग की। मना करने पर डॉक्टर से थैली जबरन छीन ली गई।

मौके पर एकत्र लोगों के बीच एक व्यक्ति ने अपना नाम सेवक सिंह मक्कासर बताया और कहा कि लोन से संबंधित उनके बड़े अधिकारी टिब्बी में हैं, वहीं जाकर फैसला किया जाएगा। इसके बाद प्रसूता और अस्पताल सहायिका को बीच रास्ते गाड़ी से उतार दिया गया। डॉक्टर के अनुसार, थैली और कार की चाबी लेने के लिए वे आरोपियों के कहने पर टिब्बी की ओर गए। रास्ते में एक अन्य स्विफ्ट कार नंबर एचआर 24 के 5166 में दो और लोग उनके साथ जुड़ गए। टिब्बी से कुछ पहले पैलेस के पास पांचों लोगों ने उन्हें रोक लिया।

इसी दौरान आरोपियों में से एक ने साहिल को कार से कुचलने का प्रयास किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपियों ने लोहे की रॉड निकालकर डॉक्टर पर हमला किया तथा उनकी कार के शीशे और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। दो आरोपी साहिल का पीछा करते हुए एसबी रिसोर्ट के पास तक आए और उसके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलने पर साहिल के पिता, अस्पताल संचालक जसकरण सिंह और ड्राइवर राजकुमार मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव करने लगे।

हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान टिब्बी की ओर से लाल बत्ती लगी बोलेरो आती दिखाई दी, जिसे परिवादी ने आबकारी विभाग की गाड़ी बताया। इसके बाद आरोपी दोनों कारों में सवार होकर टिब्बी की ओर भाग गए। घटना की सूचना टिब्बी थाना पुलिस को भी दी गई।

मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को डॉक्टर ने घटनाक्रम की जानकारी दी तथा मारपीट के दौरान हमलावरों में से किसी का उनकी कार में गिरा मोबाइल फोन पुलिस को सौंप दिया। डॉक्टर ने बताया कि उनकी कार एसबी रिसोर्ट में खड़ी कर वह साहिल के साथ प्रसूता के उपचार के लिए वापस हनुमानगढ़ टाउन आ गए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई कमलजीत सिंह को सौंपी है।

About The Author

Related Posts