नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक कार्यों में ऊर्जा लगाने का संकल्प

विद्यार्थियों व शिक्षकों ने ली नशामुक्त रहने की सामूहिक प्रतिज्ञा

Published On

हनुमानगढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की शाखा ब्रह्माकुमारी पाठशाला, हाउसिंग बोर्ड, जंक्शन की ओर से चलाए जा रहे 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत जोड़कियां गांव स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के 500 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशामुक्त जीवन जीने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।

विद्यार्थियों को स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। बीके खुशबू दीदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक कार्यों में लगाएंगे तो वे समाज और देश को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार और अनुशासन को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने मित्रों, परिजनों और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल शारदा ने कहा कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने बीके खुशबू दीदी को भविष्य में भी विद्यालय में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया। आयोजकों ने बताया कि 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का उद्देश्य देशभर में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता पैदा करना तथा अधिक से अधिक लोगों को नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।

About The Author

Related Posts