Gogamedi Mela News: गोगामेड़ी मेले में धारदार कापा लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

Published On

हनुमानगढ़। गोगामेड़ी मेले के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी अप्रिय वारदात को अंजाम देने की फिराक में बताया जा रहा था। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने उसके कब्जे से लोहे का धारदार कापा बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार शाम करीब 4.44 बजे एएसआई भूपसिंह टीम में शामिल कांस्टेबल नारायण सिंह और भागसिंह के साथ गोगामेड़ी मेले में गश्त पर रवाना हुए थे। Gogamedi Mela News

गश्त के दौरान नेठराना तिराहे के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गुर्जर धर्मशाला के पास पीले रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक हाथ में धारदार कापा लेकर घूम रहा है और किसी वारदात की तैयारी में है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम करीब शाम 5.02 बजे गुर्जर धर्मशाला के पास पहुंची। वहां मुखबिर के बताए हुलिए का युवक हाथ में कापा लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को वर्दी में देखकर वह खेतों की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम फिरोज उर्फ बाबू (22) पुत्र शमशेर खां निवासी वार्ड नंबर 8, भादरा बताया। उसके दाहिने हाथ में लोहे का कापा था। हथियार के संबंध में पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस के अनुसार, गहन पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एक दिन पहले उसका एक महिला से विवाद हुआ था और महिला के परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी कारण उसने गोगामेड़ी से यह कापा खरीदा था। पुलिस ने आरोपी से कापा रखने का लाइसेंस और अनुमति मांगी, लेकिन उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने कापा बरामद कर आरोपी को गिरफ्तारी कर लिया। इस संबंध में गोगामेड़ी पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच एएसआई इन्द्राज को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts