Fraud: आईडी, फोटो और सिम लेकर खुलवाए फर्जी बैंक खाते, लाखों के लेन-देन का आरोप
आयकर विभाग का नोटिस मिलने पर हुआ खुलासा, दो युवकों की शिकायत पर मामला दर्ज
हनुमानगढ़। फेफाना गांव के दो युवकों की आईडी, फोटो और मोबाइल सिम का दुरुपयोग कर फर्जी बैंक खाते खुलवाने और उनमें रुपए का लेन-देन करने का मामला सामने आया है। आयकर विभाग का नोटिस मिलने के बाद युवकों को फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। न्यायालय में पेश इस्तगासे के आधार पर फेफाना थाना पुलिस ने एक नामजद आरोपी व अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सुनील (20) पुत्र सुरेन्द्र मेघवाल निवासी वार्ड नंबर 15, फेफाना, एक केएनएन और अमन (21) पुत्र सन्तलाल निवासी वार्ड नंबर 8, फेफाना ने न्यायालय में परिवाद पेश कर आरोप लगाया कि करीब दो वर्ष पूर्व गांव के ही मनीष इन्दोरिया पुत्र आनन्द इन्दोरिया से उनकी जान-पहचान थी।
मनीष ने बाहर काम करने और बड़े लोगों से संपर्क होने की बात कहते हुए जरूरत के लिए दोनों से मोबाइल सिम, फोटो और आईडी मांगी थी। उसने आईडी का दुरुपयोग नहीं करने का भरोसा भी दिलाया था। परिवाद के मुताबिक 2 अगस्त 2026 को दोनों युवकों के पास भारत सरकार के वित्त मंत्रालय/आयकर विभाग से नोटिस पहुंचा। इसके बाद 3 अगस्त को श्रीगंगानगर स्थित आयकर कार्यालय पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनकी आईडी, फोटो और सिम के आधार पर कई बैंक खाते खुलवाकर उनमें रुपए का लेन-देन किया गया है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उनके पास फेफाना स्थित भारतीय स्टेट बैंक में केवल एक बैंक खाता है। उन्होंने फेफाना के अलावा अन्य स्थानों पर कोई बैंक खाता खुलवाने अथवा किसी प्रकार का लेन-देन करने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि मनीष ने अन्य लोगों के साथ मिलकर षड्यंत्रपूर्वक उनकी आईडी का दुरुपयोग किया और बैंक खाते खुलवाकर उनमें लेन-देन किया।
परिवाद में यह भी कहा गया है कि लेन-देन से प्राप्त कोई राशि उन्हें या उनके परिवार को नहीं मिली। पुलिस ने इस्तगासे के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक भंवरलाल को सौंपी गई है। पुलिस अब बैंक खातों, लेन-देन, आईडी दस्तावेजों और आरोपों में नामजद व अज्ञात व्यक्तियों की भूमिका की जांच करेगी।