Dehradun weather: बारिश को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट जारी, देहरादून प्रशासन अलर्ट

प्रशासन ने क्यूआरटी को किया सतर्क

Published On

Dehradun weather: देहरादून, (हि.स.)। मौसम विभाग ने देहरादून के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। छिद्दरवाला, डोईवाला, सेलाकुई, रायवाला और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से अति तीव्र वर्षा के साथ गरज और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने उपजिलाधिकारियों, तहसील स्तर पर तैनात त्वरित कार्रवाई दलों (क्यूआरटी) और अन्य संबंधित विभागों को संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। अधिकारियों को आवश्यक संसाधन और राहत-बचाव दल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जलभराव और सड़क अवरोध पर विशेष नजर

प्रशासन ने पेड़ गिरने, टहनियां टूटने, जलभराव और सड़कों के बाधित होने जैसी परिस्थितियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। किसी भी स्थान पर समस्या उत्पन्न होने पर क्यूआरटी को तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। शहरी क्षेत्रों में नगर निगम और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा जलभराव से निपटने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रशासन का उद्देश्य बारिश के दौरान आमजन को होने वाली परेशानियों को कम करना और आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन या 1077 पर डीडीएमओ को देने को कहा गया है।

About The Author

Related Posts