दहेज में 5 लाख और बाइक की मांग, मारपीट कर जेवरात छीनने का आरोप

पति पर बहरीन भागने और व्हाट्सएप पर तीन तलाक देने का आरोप

Published On

हनुमानगढ़। दहेज में पांच लाख रुपए नकद और बाइक की मांग को लेकर नवविवाहिता से मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, स्त्रीधन छीनने और व्हाट्सएप कॉल पर तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। भिरानी थाना क्षेत्र के गांव अजीतपुरा के वार्ड नंबर 6 निवासी 20 वर्षीय फिजा बानो पुत्री नवाब खान की रिपोर्ट पर भादरा थाना पुलिस ने उसके पति, सास, तीन ननदों और दो ननदोइयों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस के अनुसार फिजा बानो ने रिपोर्ट में बताया कि उसका निकाह 10 मई 2026 को भादरा निवासी शोहिब अली पुत्र नत्थू खां के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति, सास जरीना और ननद मीनू, फिरदौस, साहिन, ननदोई फखरुद्दीन निवासी फतेहपुर और फारुख निवासी नोहर पांच लाख रुपए नकद तथा बाइक की मांग को लेकर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। 15 मई को सास की ओर से रस्मों के 40 हजार रुपए हड़पने तथा जून में दहेज की मांग को लेकर मारपीट की गई।

रिपोर्ट के मुताबिक 2 जुलाई को पति शोहिब अली बहरीन चला गया। उसी शाम सास जरीना, तीन ननदों तथा दो ननदोइयों ने कमरे में बंद कर नवविवाहिता के साथ मारपीट की और उसके शरीर तथा अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात ले लिए। इनकी कीमत करीब 6.10 लाख रुपए है। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया। 23 अगस्त को हुई पंचायत में भी सास की ओर से उसे घर में रखने से इनकार कर दिया गया।

6 जुलाई को शाम करीब 5.38 बजे उसके पति ने व्हाट्सएप कॉल के दौरान पांच लाख रुपए नहीं देने पर तलाक, तलाक, तलाक कहकर उसे तीन तलाक दिया। इसके बाद उसी रात ऑडियो संदेश भेजकर गाली-गलौज और धमकियां दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं तथा मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थाना प्रभारी राधेश्याम की ओर से शुरू की गई है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है

About The Author

Related Posts