Rajasthan Road Accident: गोगामेड़ी दर्शन को आए श्रद्धालुओं की बाइक को फॉर्च्यूनर ने मारी टक्कर, दो युवकों की मौत

रामगढ़ के पास हादसा, तेज रफ्तार व रॉन्ग साइड से आ रही कार की टक्कर में तीसरा युवक गंभीर घायल

Published On

Rajasthan Road Accident: हनुमानगढ़। गोगामेड़ी दर्शन व भंडारे के लिए उत्तर प्रदेश से आए श्रद्धालुओं के साथ देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र में गांव रामगढ़ से करीब दो किलोमीटर पीछे परलीका की तरफ एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने सामने से आ रही मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर घायल हो गया। Hanumangarh News

गोगामेड़ी थाना पुलिस ने फॉर्च्यूनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मनोज (45) पुत्र सोहनलाल जाटव निवासी भुलावई पीएस बनियाखेड़ा तहसील चन्दौसी जिला सम्भल (उत्तर प्रदेश) ने गोगामेड़ी थाने में रिपोर्ट दी। मनोज ने बताया कि वह सुनील कुमार पुत्र हेतराम सिंह प्रजापति निवासी बनियाखेड़ा तथा पूर्णलाल पुत्र भगवानदास पासी निवासी भुलावई तहसील चन्दौसी जिला सम्भल सहित अपने परिवार व संगत के साथ कुल 9 गाड़ियों में 2 सितम्बर को शाम करीब 4 बजे गोगामेड़ी दर्शन व भंडारे के लिए पहुंचे थे।

रिपोर्ट के मुताबिक रात करीब 2 बजे मनोज का पुत्र विक्रम (20), बाबूराम का पुत्र यशपाल (22) तथा देवीसिंह का पुत्र सोदानसिंह (23) मोटर साइकिल नंबर यूपी 38 एएच 3218 से सीएनजी भरवाने के लिए गोगामेड़ी से नोहर की तरफ गए थे। सीएनजी भरवाने के बाद तीनों मोटर साइकिल से वापस गोगामेड़ी लौट रहे थे। Hanumangarh News

इसी दौरान रामगढ़ से करीब दो किलोमीटर पीछे परलीका की तरफ सड़क पर सामने से रामगढ़ की ओर आ रही फॉर्च्यूनर कार नंबर एचआर 70 जी 1760 ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। फॉर्च्यूनर चालक वाहन को अत्यधिक तेज गति, लापरवाही और गलत दिशा में चला रहा था। भीषण टक्कर में विक्रम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं यशपाल गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसकी गोगामेड़ी से नोहर अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में ही मौत हो गई।

तीसरे बाइक सवार सोदानसिंह को भी गंभीर चोटें आईं। उसकी एक टांग टूटने के साथ शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नोहर से हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजकीय जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक चेतराम को सौंपी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों, वाहन चालक की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts