कृष्ण की बाल लीलाओं से सजी नंदोत्सव की शाम

राधा-कृष्ण की रासलीला और मां दुर्गा के रक्तबीज संहार की मनमोहक प्रस्तुति

Published On

हनुमानगढ़। लिटिल हार्ट पब्लिक स्कूल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की स्मृति में नंदोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने नृत्य-नाटिकाओं एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और पौराणिक कथाओं को मंच पर जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल, प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय, प्रो. सुमन चावला, अशोक सुथार एवं गुरप्रीत सिंह रहे। कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण की रासलीला एवं मनमोहक झांकियों की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही रामायण एवं महाभारत के विभिन्न प्रसंगों को नृत्य-नाटिकाओं के माध्यम से प्रस्तुत कर बच्चों ने पौराणिक कथाओं को सजीव कर दिया।

बाल कलाकारों के अभिनय, संवाद, नृत्य और भाव-भंगिमाओं ने अभिभावकों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मां दुर्गा की ओर से रक्तबीज संहार एवं भगवान शिव के अघोरी रूप पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति रही। शानदार वेशभूषा, संगीत, मंच सज्जा और सशक्त अभिनय ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में संस्कार, आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता विकसित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना भी मजबूत करते हैं।

विद्यालय की प्राचार्य दया गोयल एवं निदेशक विकास गोयल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रियंका बजाज, दीपा एवं रश्मि धूड़िया ने किया।

About The Author

Related Posts