Railway News: रेलवे ने दी कन्फर्म टिकट पर सामान ऑनलाइन बुक करने की सुविधा
रेलवे में नई सुविधा लागू,आरक्षित डिब्बे में साथ ले जाने वाले निजी सामान की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा
जोधपुर (सच कहूँ न्यूज़)। कन्फर्म टिकट लेकर ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने सामान बुकिंग की सुविधा आसान कर दी है। अब यात्री आरक्षित डिब्बे में साथ ले जाने वाले निजी सामान की ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे। रेलवे ने सभी क्षेत्रीय रेलों में यह सुविधा लागू कर दी है। सामान की बुकिंग निर्धारित मुफ्त सामान सीमा और अधिकतम वजन के नियमों के अनुसार होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि रेलवे ने मार्च 2025 में कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों के निजी सामान की ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था का सैद्धांतिक निर्णय लिया था। इसके बाद रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स सेंटर ने 25 जून 2026 को इस व्यवस्था को 31 जुलाई से लागू करने का प्रस्ताव दिया। इसके आधार पर अब निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार सुविधा लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के दौरान यात्री को उसकी यात्रा श्रेणी के अनुसार मुफ्त सामान सीमा,अधिकतम अनुमत वजन और अतिरिक्त सामान के लिए देय शुल्क की जानकारी मिलेगी। तय सीमा से अधिक सामान लेकर यात्रा करने पर रेलवे के नियमों के अनुसार अतिरिक्त शुल्क या जुर्माना देना होगा। रेलवे की यह नई सुविधा यात्रियों को पार्सल घर के चक्कर से बचाएगी।
इन श्रेणियों में सामान्य अतिरिक्त बुकिंग नहीं
रेलवे के अनुसार थ्री एसी,थ्री एसी इकोनॉमी और चेयर कार श्रेणी में मुफ्त सामान सीमा और अधिकतम सामान सीमा समान है। इसलिए इन श्रेणियों में सामान्य अतिरिक्त सामान की ऑनलाइन बुकिंग नहीं होगी। हालांकि,जिन मामलों में मुफ्त सामान सीमा भी शुल्क योग्य है, वहां सामान की बुकिंग की जा सकेगी। इसके अलावा आरएसी/प्रतीक्षा सूची वाले टिकटों पर सामान की बुकिंग नही होगी।
ऑनलाइन बुकिंग के दौरान यात्रियों को प्रतिबंधित सामान की सूची भी दिखाई जाएगी। इसमें यह स्पष्ट होगा कि कौन सा सामान बुक कराकर आरक्षित डिब्बे में ले जाना अनुमत नहीं है। निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने पर लगने वाले दंड की जानकारी भी ऑनलाइन उपलब्ध होगी। रेलवे के अनुसार ऑनलाइन सुविधा शुरू होने के बाद भी सामान ले जाने से जुड़े मौजूदा नियम और शर्तें लागू रहेंगी। इससे यात्रियों को सामान बुक कराने की प्रक्रिया सरल होगी और यात्रा के दौरान नियमों को लेकर असमंजस कम होगा।