कष्ट निवारण समिति की बैठक में 12 में से 8 परिवादों का निपटारा

लाडली योजना की राशि में देरी पर भिवानी उपायुक्त का बड़ा एक्शन, अकाउंटेंट को किया चार्जशीट

Published On

भिवानी (सच कहूँ न्यूज)। Bhiwani News: भिवानी में सोमवार को जिला लोक एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में अधिकारियों की लापरवाही पर बड़ा एक्शन देखने को मिला। लाडली योजना की परिपक्वता राशि के भुगतान में करीब डेढ़ महीने की देरी सामने आने पर भिवानी उपायुक्त साहिल गुप्ता ने संबंधित विभाग के अकाउंटेंट को चार्जशीट कर दिया। बैठक में कुल 12 परिवाद रखे गए, जिनमें 8 का निपटारा कर दिया गया, जबकि 4 मामलों को जांच और रिपोर्ट के लिए लंबित रखा गया।

भिवानी के पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में जन शिकायतों पर सुनवाई हुई। बैठक में कुल 12 परिवाद रखे गए, जिनमें 8 नए और 4 पुराने मामले शामिल थे। इनमें से 8 परिवादों का निपटारा कर दिया गया, जबकि 4 मामलों में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट और जांच मांगी गई है। बैठक में गांव बडेसरा निवासी सपना का परिवाद भी सामने आया। मामला महिला एवं बाल विकास विभाग की लाडली योजना की परिपक्वता राशि से जुड़ा था। शिकायतकर्ता की ओर से राशि का भुगतान लंबित होने की शिकायत की गई थी।

75 लाख की राशि वितरित

मामले में जिला कार्यस्र5म अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग की रिपोर्ट के अनुसार लाडली योजना की परिपक्वता राशि का बजट 10 अगस्त 2026 को संबंधित परियोजना अधिकारी को जारी कर दिया गया था। कुल 75 लाख 83 हजार 356 रुपये 88 पैसे की राशि जारी की गई थी, जिसमें भिवानी ग्रामीण प्रथम क्षेत्र के 81 लाभार्थी शामिल थे। संबंधित परियोजना अधिकारी ने शिकायतकर्ता सपना को नियमानुसार देय राशि का भुगतान कष्ट निवारण समिति की बैठक शुरू होने से पहले ही उसके खाते में कर दिया। लेकिन राशि के भुगतान में करीब एक से डेढ़ महीने की देरी को डीसी साहिल गुप्ता ने गंभीरता से लिया। देरी के लिए जिम्मेदार संबंधित अकाउंटेंट के खिलाफ चार्जशीट की कार्रवाई की गई है।

शिकायतों का निपटारा जल्द करने के निर्देश

भिवानी उपायुक्त साहिल गुप्ता ने कहा कि वो अकाउंटेंट पीओ, आईसीडीएस डिपार्टमेंट के थे और जिन्होंने जो हमारे 18 साल के ऊपर थे, उनके जो व्यूज आने थे, डिस्पर्स होने थे, उसमें देरी की थी 1-1.5 महीने की। उसके बेसिस पर हमने चार्जशीट की है। उपायुक्त ने साफ किया कि जन शिकायतों के समाधान में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को समय पर शिकायतों का निपटारा करने की हिदायत दी जाती है और इसके बावजूद लापरवाही सामने आने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में ड्रेन खोदने से जुड़े मामले पर भी सुनवाई हुई। डीसी ने बताया कि मामले में कुछ लोग विभाग की कार्रवाई से सहमत हैं, जबकि कुछ लोग सहमत नहीं हैं। इसको लेकर जांच डीएमसी को मार्क की गई है और अगली बैठक से पहले रिपोर्ट मांगी गई है। सेक्टर-13 से जुड़े एक मामले में भी संबंधित एक्सईएन को तत्काल एस्टीमेट तैयार करवाकर मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में शहर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया है। वहीं, शहर में बढ़ते मच्छर-मक्खियों के प्रकोप को देखते हुए फॉगिंग को लेकर भी डीएमसी और सीएमओ कार्यालय को निर्देश दिए गए हैं।

Bhiwani News
Bhiwani News: बैठक में परिवाद सुनते उपायुक्त साहिल गुप्ता। छाया नितिन।

About The Author

Related Posts