पानी की बारी को लेकर विवाद में युवक पर कस्सी से हमला

सिर पर वार करने की कोशिश, बचाव में हाथ आगे करने पर उंगली में लगी चोट

Published On

हनुमानगढ़। खेत में पानी लगाने की बारी को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर कस्सी से हमला करने का मामला सामने आया है। भंवरलाल (60) पुत्र हरीराम जाट निवासी वार्ड नंबर 6, चक 7 आरडब्ल्यूएम, रावतसर ने रावतसर पुलिस थाना में रिपोर्ट देकर आरोप लगाया कि पानी खोलने को लेकर हुए विवाद में मदनलाल पुत्र कृष्णलाल मूंड ने उसके पुत्र विकास कुमार पर कस्सी से सिर पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान कस्सी हाथ की उंगली पर लगने से चोट आई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में भंवरलाल ने बताया कि उसकी पत्नी के नाम चक 8 डीडब्ल्यूएम में करीब 6 बीघा कृषि भूमि है। रविवार अल सुबह खेत में पानी लगाने की उसकी बारी थी। करीब सुबह 5.33 बजे वह अपने पुत्र विकास कुमार के साथ पानी लगाने के लिए खेत पर गया था। खेत पर मदनलाल पुत्र कृष्णलाल मूंड पहले से बैठा हुआ था। जब पिता-पुत्र अपने खेत में पानी खोलने लगे तो मदनलाल ने उन्हें पानी नहीं खोलने की धमकी दी। इसके बावजूद जब वे पानी खोलने लगे तो मदनलाल ने आवेश में आकर विकास कुमार पर कस्सी से सिर पर हमला कर दिया।

विकास कुमार ने सिर पर होने वाले वार से बचने के लिए अपना हाथ आगे कर दिया, जिससे कस्सी उसके बाएं हाथ की उंगली पर लगी और चोट आई। इस दौरान भंवरलाल ने बीच-बचाव करते हुए कस्सी पकड़ ली। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि वह समय रहते कस्सी नहीं पकड़ता तो उसके पुत्र की जान को नुकसान हो सकता था। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक जसवंत सिंह को सौंपा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts