Shri Krishna Janmashtami: मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म पर गूंजे जयकारे
जन्माष्टमी पर प्रश्नोत्तरी व डांस प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
Shri Krishna Janmashtami: हनुमानगढ़। टाउन स्थित श्री रघुनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन उत्सव श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा दिनभर भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इनमें श्रीकृष्ण जन्म पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी तथा डांस प्रतियोगिता प्रमुख रही। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विभिन्न वर्गांे में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों की घोषणा की गई। विजेता बच्चों को श्री रघुनाथ मंदिर सेवा समिति अध्यक्ष रमेश छाबड़ा, ओम गिरधर एवं सचिव अश्विनी डूमरा ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्सव का मुख्य आकर्षण मध्यरात्रि ठीक 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य रहा। शंखध्वनि, घंटों की गूंज और श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच पंडित गणेश राज शर्मा ने केक काटकर जन्मोत्सव की रस्म निभाई। इसके बाद श्रद्धालुओं को चरणामृत एवं केक का प्रसाद वितरित किया गया। देर रात तक मंदिर परिसर भक्तिमय भजनों से गुंजायमान रहा और श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए। कार्यक्रम का आयोजन मनीष शर्मा की ओर से किया गया।