शराब ब्रांच पर वार्डवासियों ने जड़ा ताला, कार्रवाई की मांग
रिहायशी इलाके में 24 घंटे संचालन का आरोप, महिलाओं-बच्चों को परेशानी का हवाला
हनुमानगढ़। टाउन में वार्ड नंबर 44 स्थित नगर परिषद कार्यालय के समीप संचालित हो रही शराब ब्रांच के खिलाफ शनिवार को स्थानीय नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा। मौके पर एकत्रित वार्डवासियों ने आटे की चक्की से सटी शराब की दुकान पर ताला जड़ते हुए इसे स्थायी रूप से बंद करवाने की मांग उठाई।
मौके पर मौजूद नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अमर सिंह राठौड़ ने आरोप लगाया कि रिहायशी इलाके में यह शराब ब्रांच 24 घंटे बेरोकटोक संचालित हो रही थी। दुकान के बाहर दिन-रात शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा था। महिलाओं, युवतियों और स्कूल जाने वाले बच्चों को इस रास्ते से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि शराब ब्रांच को बंद करवाने के लिए पूर्व में कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी गईं और विरोध-प्रदर्शन भी किए गए, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर आखिरकार उन्हें स्वयं आगे आकर दुकान पर ताला लगाने का कदम उठाना पड़ा।
वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि शराब ब्रांच को दोबारा खोलने का प्रयास किया गया तो क्षेत्रवासी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। नागरिकों ने प्रशासन से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और रिहायशी क्षेत्र में संचालित इस ब्रांच को स्थायी रूप से बंद करवाने की मांग की। इस दौरान मानवेंद्र सिंह राठौड़, नाथू सिंह, मोहन सिंधी, बूटा सिंह, जगदीप राठौड़, राजेश शर्मा, काली बजाज, अनमोल सिंह सहित कई अन्य वार्डवासी मौजूद रहे।