India vs Indonesia Hockey: जूनियर एशिया कप में भारत का कमाल! इंडोनेशिया को बड़े अंतर से रौंदा

एएचएफ जूनियर एशिया कप में भारतीय टीम की बड़ी जीत

Published On

मोकी, (एजेंसी)। एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 में भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने अपने खिताब की रक्षा के अभियान का शानदार आगाज किया है। पूल-ए के मुकाबले में भारत ने इंडोनेशिया को 14-0 के विशाल अंतर से शिकस्त देकर तीन अंक हासिल किए। पूरे मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने तेज आक्रमण और बेहतरीन फिनिशिंग का प्रदर्शन किया। भारत की इस बड़ी जीत में प्रभदीप सिंह, कप्तान अनमोल एक्का और अजीत यादव सबसे बड़े सितारे रहे। तीनों खिलाड़ियों ने मिलकर 12 गोल दागे। प्रभदीप ने पांच गोल के साथ सर्वाधिक स्कोर किया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

प्रभदीप ने पांच गोल दागकर मचाया कहर

भारतीय टीम ने मैच के शुरुआती मिनटों से ही इंडोनेशिया पर दबाव बना दिया। पांचवें मिनट में प्रभदीप सिंह ने गोल कर भारत का खाता खोला। इसके कुछ ही मिनट बाद हरपाल ने आठवें मिनट में गोल करते हुए भारतीय बढ़त को 2-0 कर दिया। पहले क्वार्टर के बाद भारत 2-0 से आगे था। दूसरे क्वार्टर में भारतीय आक्रमण और अधिक प्रभावी नजर आया। 16वें मिनट में अनमोल एक्का ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदल दिया। इसके बाद 20वें मिनट में अजीत यादव ने स्कोर 4-0 कर दिया। प्रभदीप ने 26वें और 30वें मिनट में लगातार गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की। हाफ टाइम तक भारत ने 6-0 की मजबूत बढ़त बना ली थी।

दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी आक्रामक रणनीति जारी रखी। कप्तान अनमोल एक्का ने 35वें और 42वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किए। तीसरे क्वार्टर के समाप्त होने से पहले प्रभदीप ने एक और गोल दाग दिया। तीन क्वार्टर के बाद भारत की बढ़त बढ़कर 9-0 हो चुकी थी। इंडोनेशियाई टीम लगातार भारतीय हमलों का जवाब देने में संघर्ष करती रही।

अंतिम क्वार्टर में पांच गोल

चौथे क्वार्टर में भारत ने गोलों की झड़ी लगा दी। 51वें मिनट में अनमोल ने अपना चौथा गोल पूरा किया। इसके ठीक एक मिनट बाद प्रभदीप ने मैच का अपना पांचवां गोल करते हुए भारत को 11-0 से आगे कर दिया। इसके बाद अजीत यादव ने 53वें मिनट में गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की। भारत की बढ़त 13-0 हो गई। मुकाबले के अंतिम मिनट में आशु मौर्य ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 14-0 कर दिया। भारतीय टीम ने कुल 14 गोल में नौ फील्ड गोल, चार पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक से हासिल किए। अनमोल एक्का ने सेट-पीस के मौकों का शानदार फायदा उठाया, जबकि मौर्य ने भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना योगदान दिया।

इंडोनेशिया की लगातार दूसरी हार

इंडोनेशिया के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही है। टीम को इससे पहले दक्षिण कोरिया के खिलाफ भी 0-9 की हार का सामना करना पड़ा था। लगातार दो हार के बाद वह पूल-ए में पांचवें स्थान पर है। दूसरी ओर भारत ने अपने पहले मुकाबले से तीन अंक हासिल कर लिए हैं। जापान और दक्षिण कोरिया के भी तीन-तीन अंक हैं, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण भारत पूल-ए में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।

About The Author

Related Posts