ताश के पत्तों पर जुआ खेलते छह गिरफ्तार, 1.08 लाख रुपए जब्त
गोलूवाला थाना पुलिस की कार्रवाई, ग्रीन पैलेस कैंचियां में चल रहा था जुए का खेल
हनुमानगढ़। जिले में जुआ-सट्टा, अवैध हथियार, मादक पदार्थांे और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोलूवाला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 8 हजार रुपए की जुआ रकम भी जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि जिले में अपराधों की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई तथा हनुमानगढ़ वृताधिकारी मीनाक्षी सहारण के निकटतम पर्यवेक्षण और गोलूवाला थाना प्रभारी रजनदीप कौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, कैंचियां चौकी प्रभारी उप निरीक्षक गुरदेव सिंह मय टीम गश्त के दौरान ग्रीन पैलेस, कैंचियां क्षेत्र में पहुंचे। यहां ताश के पत्तों पर जुआ खेलते हुए छह लोगों को पकड़ा गया।
पुलिस ने मौके से 1 लाख 8 हजार रुपए की जुआ राशि बरामद कर जब्त की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार (39) पुत्र जगदीश प्रसाद बिश्नोई निवासी वार्ड नंबर 1, भादवांवाली ढाणी पीएस सदर सूरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर, दलीप कुमार (42) पुत्र देवीलाल छिंपा निवासी वार्ड नंबर 8, गोलूवाला सिहागान, कपिल कुमार (32) पुत्र रामस्वरूप बिश्नोई निवासी वार्ड नंबर 11, गोलूवाला सिहागान, संदीप कुमार (38) पुत्र कृष्णलाल बिश्नोई निवासी वार्ड नम्बर 3, चक 6 डीबीएन पीएस सदर सूरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर, दलीप कुमार (58) पुत्र रामलाल बिश्नोई निवासी डाबला पीएस मुकलावा जिला श्रीगंगानगर और सुरेश कुमार (30) पुत्र हेतराम बिश्नोई निवासी ढाणी चक 4 बीपीएम, डाबला पीएस जैतसर जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई।
पुलिस ने इस कार्रवाई के संबंध में आरोपियों के खिलाफ राजस्थान सार्वजनिक जुआ अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान सहायक उप निरीक्षक मुसे खां को सौंपा गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस में उप निरीक्षक गुरदेव सिंह, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल विक्रमजीत सिंह, सीताराम, संजय कुमार शामिल रहे। इस कार्रवाई में आसूचना अधिकारी कांस्टेबल संदीप कुमार की विशेष भूमिका रही।