Tibbi Municipal Council Election 2026: चुनाव चिन्ह आवंटन के साथ तेज हुआ चुनावी संग्राम, 20 वार्डों में 82 प्रत्याशी मैदान में
नामांकन वापसी के बाद साफ हुई तस्वीर, पहली बार नगर पालिका की सरकार चुनेंगे टिब्बी के मतदाता
टिब्बी (संच कहूं/अंकित वधवा)। Tibbi Municipal Council Election: नवगठित टिब्बी नगर पालिका के पहले निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। शुक्रवार को रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी बाबूलाल रेंगर की ओर से सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए। चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क और प्रचार अभियान तेज कर दिया है।
नाम वापसी की अंतिम तिथि तक 10 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए, जिसके बाद अब टिब्बी नगरपालिका के 20 वार्डों में कुल 82 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। अब सभी की निगाहें मतदान और चुनावी मुकाबले पर टिकी हुई हैं।
पहली बार बनेगी टिब्बी की नगर सरकार
नगर पालिका बनने के बाद टिब्बी में पहली बार नगर सरकार का गठन होने जा रहा है। यही कारण है कि इस चुनाव को लेकर आम मतदाताओं के साथ-साथ राजनीतिक दलों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के विकास की दिशा तय करने वाला यह पहला चुनाव होने के कारण प्रत्येक वार्ड में मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है।
कांग्रेस सभी वार्डों में, अन्य दल भी मैदान में
इस चुनाव में कांग्रेस ने सभी 20 वार्डों में अपने अधिकृत प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) तथा आम आदमी पार्टी ने भी चयनित वार्डों में अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
हालांकि चुनाव की सबसे बड़ी विशेषता बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवारों का मैदान में उतरना है। कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहे हैं, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय और कई स्थानों पर बहुकोणीय होने की संभावना बन गई है।
चुनाव चिन्ह मिलते ही तेज हुआ प्रचार
चुनाव चिन्ह आवंटित होने के साथ ही प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर जनसंपर्क शुरू कर दिया है। वार्डों में नुक्कड़ सभाएं, बैठकों और डोर-टू-डोर प्रचार का दौर तेज हो गया है। प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।
प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी बाबूलाल रेंगर ने सभी प्रत्याशियों को आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी उम्मीदवार निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुरूप ही चुनाव प्रचार करें तथा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निर्दलीय उम्मीदवार बढ़ा सकते हैं रोमांच
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी मजबूत स्थिति में हैं। ऐसे में उनका प्रदर्शन चुनाव परिणामों पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है। नगर पालिका अध्यक्ष पद की आरक्षण व्यवस्था को देखते हुए प्रत्येक वार्ड का परिणाम बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि चुने गए पार्षदों की भूमिका नगर पालिका के नेतृत्व के चयन में भी महत्वपूर्ण होगी।
मतदाताओं पर टिकी निगाहें
अब चुनावी शोर अपने चरम की ओर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में सभी प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में प्रचार अभियान और तेज करेंगे। पहली बार नगर पालिका बनने के बाद टिब्बी के मतदाता अपने शहर की पहली नगर सरकार चुनेंगे। ऐसे में पूरे क्षेत्र की नजर इस ऐतिहासिक चुनाव पर टिकी हुई है, जो आने वाले वर्षों में टिब्बी के विकास की नई दिशा तय करेगा।