Organ Donation: मरणोपरांत फौजी की पत्नी 6 को दे गई जीवन!

ग्रीन कॉरिडोर बनाकर सुरक्षित आर्गन पहुंचाने पर पुलिस का रहा विशेष सहयोग

Published On

Organ Donation: रोहतक, (सच कहूँ न्यूज)। अंगदान को लेकर अब लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ रही है और ऐसे साहसिक परिवारों की वजह से ही डोनर और रिसीवर के बीच का गैप भी कम हो रहा है। इस नेक काम में पीजीआईएमएस की सोटो टीम का विशेष सहयोग रहा। साथ ही आर्गनों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए, जिसमें हरियाणा पुलिस का विशेष सहयोग रहा। फौजी की पत्नी द्वारा किए गए अंगदान से छह लोगों को जीवन दान मिला है।

सोटो हरियाणा के नोडल अधिकारी डॉक्टर सुखबीर सिंह ने बताया कि यह परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। सेना में तैनाती के कारण चंडीमंदिर में रह रहा था। ब्रेन हेमरेज जैसी गंभीर स्थिति के बाद जब चंडीमंदिर हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने महिला के ब्रेन डेड की पुष्टि की, तो आर्मी अस्पताल चंडीमंदिर के ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर कर्नल डॉ अनुराग की टीम ने परिवार को अंगदान के लिए काउंसलिंग की। महिला की दो किडनी, एक लिवर, दो कॉनिया, हार्ट को अलग अलग जगह डोनेट किया गया, जिससे छह लोगों को नया जीवन दान मिलेगा।

पीजीआईएमएस रोहतक को महिला की एक किडनी मिली है, जहां किडनी फेलियर से जूझ रहे मरीज को नई जिंदगी मिलेगी। पीजीआईएमएस के कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने खुद मॉनटरिंग की। उन्होंने कहा कि  यह केवल अंगदान नहीं, बल्कि मानवता का सबसे बडा बलिदान है। फौजी परिवार ने देश की रक्षा करते हुए तो बलिदान दिया ही था, आज एक फौजी की पत्नी ने जाते-जाते भी देश के लोगों को जीवन दान दे दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इस अवसर पर पीजीआई के निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल, डॉ. कुंदन मित्तल, डॉ. मंजूनाथ बीसी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। 

About The Author

Related Posts