कश्यप कॉलोनी की बदहाल सड़क के निर्माण का रास्ता साफ, पालिका ने दिया आश्वासन
कश्यप कॉलोनी की बदहाल सड़क के निर्माण का रास्ता साफ, पालिका ने दिया आश्वासन
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कस्बे के मोहल्ला दरबार खुर्द स्थित कश्यप कॉलोनी की जर्जर सड़क और नालियों की समस्या को लेकर लंबे समय से स्थानीय लोग परेशान थे। भाजपा मत्स्य प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं नामित सभासद डॉ. श्रीपाल कश्यप द्वारा समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब सड़क निर्माण की उम्मीद जगी है। बताया गया है कि पानीपत रोड स्थित दरबार खुर्द कश्यप कॉलोनी में वर्ष-2003 में स्वर्गीय बाबू हुकुम सिंह के सौजन्य से सड़क का निर्माण कराया गया था। इसके बाद, करीब 25 वर्षों से सड़क का दोबारा निर्माण नहीं हो सका। सड़क के साथ नालियां भी बदहाल हो चुकी हैं। बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति पैदा होने से कॉलोनीवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
डॉ. श्रीपाल कश्यप ने नगर पालिका अधिकारियों के समक्ष कॉलोनी की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद नगर पालिका परिषद कैराना के अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने मौके की जांच कर जल्द सड़क निर्माण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कश्यप कॉलोनी की सभी खराब सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, पेयजल की समस्या को देखते हुए नई पानी की पाइपलाइन डलवाने की बात भी कही। पालिका के इस आश्वासन पर स्थानीय बस्तीवासियों ने खुशी जताई और अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप का आभार व्यक्त किया। वहीं, मोहल्लावासियों ने सड़क निर्माण की समस्या को गंभीरता से उठाने के लिए डॉ. श्रीपाल कश्यप के प्रयासों की सराहना की। लोगों का कहना है कि सड़क और नालियों का निर्माण होने से बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव से काफी राहत मिलेगी।