जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान विवाद, डंडों व लोहे की रॉड से हमला

लंगर में बैठने की बात पर युवक से मारपीट, सिर में लगे आठ टांके, सात नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। डबलीराठान के निकट 1 एलजीडब्ल्यू गांव में जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक युवक के साथ डंडों व लोहे की रॉड से मारपीट करने का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित के पिता की रिपोर्ट पर सात नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 1 एलजीडब्ल्यू, डबलीराठान निवासी हंसराज (35) पुत्र काशीराम बाजीगर ने रिपोर्ट में बताया कि उसका 19 वर्षीय पुत्र रवि 3 सितंबर की रात गांव में आयोजित कार्यक्रम में लंगर सेवा कर रहा था। रात करीब 10 बजे जितेंद्र पुत्र जसपाल, अनमोल पुत्र रामलाल, सोमदास पुत्र जसाराम, लखवीर पुत्र पुन्नू, गुरी व अन्य युवक कार्यक्रम में आए। रवि ने उन्हें लंगर खाने के बाद जागरण में बैठने के लिए कहा, जिस बात को लेकर आरोपी नाराज हो गए और उसके साथ गाली-गलौज व झगड़ा करने लगे।

मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर रवि को छुड़वाया। आरोप है कि सोनू पुत्र मनीराम रात करीब 11.30 बजे रवि को बहला-फुसलाकर कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर ले गया, जहां अन्य आरोपी पहले से डंडों व हथियारों के साथ मौजूद थे। वहां सभी ने एकराय होकर रवि पर हमला कर दिया। इस दौरान अनमोल ने उसके सिर पर डंडे से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आईं।

परिजनों ने घायल रवि को राजकीय चिकित्सालय डबलीराठान पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसके सिर में आठ टांके लगाए गए और वह करीब तीन दिन अस्पताल में भर्ती रहा। वर्तमान में भी उसका उपचार चल रहा है। पीड़ित के पिता ने बताया कि घटना के संबंध में 4 सितंबर को सदर थाने में शिकायत दी गई थी। इसके बाद 9 सितंबर को पुलिस अधीक्षक के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जितेंद्र, अनमोल, सोमदास, लखवीर, सोनू, गुरी व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र कुमार को सौंपी गई है।

About The Author

Related Posts