Chemical Factory Fire: धौलाना के इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, दो अन्य फैक्ट्रियां भी चपेट में

धौलाना के इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, दो अन्य फैक्ट्रियां भी चपेट में

Published On

हापुड़ (एजेंसी)। Dhaulana Chemical Factory Fire: गाजियाबाद से सटे हापुड़ जिले के धौलाना इलाके में स्थित यूपीएसआईडीसी के इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब त्रिवेणी केमिकल कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास स्थित दो अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में केमिकल से भरे ड्रम रखे होने के कारण आग की लपटें तेजी से फैलती गईं और लगातार धमाकों की आवाज सुनाई देती रही। 

आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। हापुड़ के चीफ फायर ऑफिसर ने बताया कि आग बुझाने के लिए हापुड़, गाजियाबाद और नोएडा से करीब 11 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। सभी टीमें कई घंटे तक आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास करती रहीं। फैक्ट्री परिसर काफी बड़ा होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री से उठने वाला काला धुआं काफी दूर से दिखाई दे रहा था। केमिकल से भरे ड्रम आग की चपेट में आने के बाद लगातार धमाके हो रहे थे, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। आग की लपटें तेजी से दूसरी औद्योगिक इकाइयों की तरफ बढ़ रही थीं। ऐसे में फायर कर्मियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती आग को और अधिक फैक्ट्रियों तक पहुंचने से रोकना था। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराया और वहां मौजूद कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया। पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की परेशानी न हो। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर विभाग की टीमों ने फिलहाल आग पर काबू पा लिया।

हालांकि, आग बुझने के बाद भी फैक्ट्री परिसर में कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया, ताकि अंदर मौजूद गर्म केमिकल ड्रम या अन्य सामान के कारण आग दोबारा न भड़क सके। दमकल कर्मी अलग-अलग हिस्सों में पानी की बौछार कर फैक्ट्री को पूरी तरह ठंडा करने में जुटे रहे। फिलहाल इस भीषण अग्निकांड में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से त्रिवेणी केमिकल कंपनी और आसपास की दो अन्य फैक्ट्रियों को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका अभी आकलन नहीं किया गया है।

आग पूरी तरह ठंडी होने के बाद संबंधित विभागों की टीम नुकसान का आकलन करेगी। हापुड़ के चीफ फायर ऑफिसर के मुताबिक आग लगने की सूचना त्रिवेणी केमिकल कंपनी में मिली थी। उन्होंने बताया कि हापुड़ के साथ-साथ गाजियाबाद और नोएडा से भी दमकल की गाड़ियां बुलाकर आग बुझाने का अभियान चलाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। आग पूरी तरह बुझने और घटनास्थल की जांच के बाद ही आग लगने की वजह का पता चल सकेगा।

Hapur News
Hapur News: धौलाना के इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, दो अन्य फैक्ट्रियां भी चपेट में

About The Author

Related Posts