सनातन धर्म व राष्ट्र की रक्षा की खातिर लगाना होगा जीवन: यशवीर महाराज
कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला के प्राचीन शिव मंदिर में पहुंचे जनपद मुजफ्फरनगर के बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: योग साधना यशवीर आश्रम के संचालक स्वामी यशवीर महाराज ने कहा कि हिन्दू धर्म के अनुयायियों को सनातन व राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने जीवन को समर्पित करना होगा। उन्होंने हिन्दू धर्मावलंबियों को सनातन से जुड़े कार्यों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का भी आह्वान किया है।
रविवार को जनपद मुजफ्फरनगर के बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला में पहुंचे। जहां पर उन्होंने गांव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर के प्रांगण में ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीणों को आगामी 07 अक्टूबर को योग साधना यशवीर आश्रम के 24वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले संकटमोचन मनोकामना पूर्ण प्राचीन महायज्ञ तथा विराट हिन्दू महासम्मेलन के बारे में अवगत कराया। साथ ही, ग्रामीण माताओं, बहनों एवं बुजुर्गों को कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। यशवीर महाराज ने ग्रामीणों को बताया कि सम्पूर्ण जगत के कल्याण एवं शांति के लिए महायज्ञ में 51 किलोग्राम देशी घी की आहुति दी जायेगी।
उन्होंने महायज्ञ एवं सम्मेलन को सफल बनाने में अपना योगदान देने की अपील की। वहीं, ग्रामीणों ने भी यशवीर महाराज को कार्यक्रम में हर प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर आचार्य मृगेंद्र, जसवीर चौहान, विश्वास चौहान, साखी चौहान, सरवेस चौहान, महीपाल बैरागी, रामनिवास बैरागी, मनोज बैरागी, गोपाल रावत, चुहुड चौहान, बादल चौहान, प्रिंस चौहान, संजय चौहान, रोहित चौहान, कर्णसिंह उर्फ सोनू चौहान, अंकुर स्वामी आदि मौजूद रहे।
सनातन के खिलाफ षड्यंत्र करने वालों को देना होगा जवाब
स्वामी यशवीर महाराज ने कहा कि हिन्दू समाज के लोग सनातन धर्म से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले। इसके अलावा, सनातन धर्म के विपरीत कहीं भी कोई षड्यंत्र होता है तो उसे मुंहतोड़ जबाव दे। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्मावलंबियों को सनातन व राष्ट्र की रक्षा की खातिर आगे आकर अपने जीवन को लगाना होगा। स्वामी यशवीर महाराज ने अपनी बहन-बेटियों को लव जिहाद से बचाने के लिए पूरी तरह सजग रहने को कहा। उन्होंने जिहादी मानसिकता रखने वालों से भी दूरी बनाने का आह्वान किया।