शिक्षा और रोजगार
PM Modi Mumbai Visit: पीएम मोदी की सुरक्षा में सेंध? फर्जी पीएमओ अधिकारी बॉडीगार्ड के साथ हिरासत में
पीएम मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा में निकली बड़ी लापरवाही
PM Modi Mumbai Visit: मुंबई, (सच कहूँ/एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से पहले बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर परिसर से दो लोगों को हिरासत में लिया है। इसी स्थान पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का आयोजन होना है। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए 24 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बताया था। उसकी पहचान रोहन पारेख के तौर पर हुई है। सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास मिला PMO का पहचान पत्र कथित रूप से फर्जी पाया गया।
बॉडीगार्ड के साथ पहुंचा था युवक
जांच के दौरान सामने आया कि रोहन पारेख एक निजी बॉडीगार्ड के साथ परिसर में मौजूद था। पुलिस के मुताबिक, बॉडीगार्ड के पास हथियार भी मिला है। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित फर्जी पहचान पत्र के जरिए युवक कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचा और वहां आने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था।
यह घटनाक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से कुछ समय पहले सामने आया है। प्रधानमंत्री मंगलवार शाम ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे। ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का आयोजन 8 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में यह आयोजन वित्तीय प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण मंच के रूप में स्थापित हुआ है।
कई रेल परियोजनाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे पीएम
इस सम्मेलन में नीति निर्माता, नियामक संस्थाएं, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, फिनटेक और प्रौद्योगिकी कंपनियां, निवेशक तथा शिक्षाविद सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ वित्तीय क्षेत्र में हो रहे बदलावों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करते हैं। मुंबई दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई रेल परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के तहत न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ियों की सेवाओं को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इसके साथ ही टांडा रोड से वडोदरा के प्रतापनगर के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा का भी शुभारंभ किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले फर्जी पहचान पत्र के साथ युवक के पहुंचने के मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। क्राइम ब्रांच अब हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था और सुरक्षा व्यवस्था में सेंध किस स्तर पर लगी।